भीतर एक यज्ञकुंड है, जीवन उसकी पवित्र अग्नि है,
मन-वचन-कर्म की हर क्रिया, उसी की आहुति बनती है।।
जन्मों के संचित कर्मों से, प्रारब्ध जो सामने आया है,
हे न्यायकारी प्रभु! उसे सहने का, धैर्य-आत्मबल दिया है।।
उसका ताप ही मेरे जीवन का, सच्चा प्रकाश बन जाए,
समभाव से स्वीकार करूँ, मन कभी विचलित न हो पाए।।
आज का पुरुषार्थ-संकल्प ही, क्रियमाण की आहुति है,
बुद्धि को सत्य से जोड़ दे, ताकि हर कदम धर्म की गति है।।
मेरा हर विचार-शब्द-आचरण, इस यज्ञ की आहुति है,
मन में शुभ संकल्प हो, वाणी में सत्य की अनुभूति है।।
हाथों में सदा परोपकार हो, सेवा ही मेरा धर्म हो,
अविद्या-स्वार्थ के अंधकार को, विवेक की ज्योति से काट दे।।
भूलों की पुनरावृत्ति न हो, ऐसा मुझे ज्ञान दे दे,
शुभ कर्मों पर अहंकार की, छाया कभी न पड़ने दे।।
हृदय को सब प्राणियों के प्रति, निस्वार्थ प्रेम से भर दे,
करुणा और सेवा से ही, मेरा जीवन सुंदर कर दे।।
अंततः मेरा हर कर्म, निष्काम हो जाए,
न पुण्य का लोभ रहे, न पाप का भय सताए।।
फल की इच्छा के बिना, तेरी आज्ञा का पालन हो,
इस अंतिम आहुति में, मेरा सर्वस्व तुझे अर्पण हो।।
- जगदीश प्रसाद शर्मा