विज्ञापन

दीप तो जलते रहेंगे, थककर मगर बूढ़े सो जाएँगे।

Govind Bisht

Mere Alfaz
                                    
                                                                        
                            सूनी राहें, बंद दरवाजे, सूने पड़े मकान हैं,
        
                                                    
                            
लौटे हैं कुछ लोग गाँव में, पर्व का बस नाम है।
आँगन में दीपक जल रहे, उजालों का अभाव है,
गाँव की इस दीपावली में, जाने कैसा ठहराव है।
लौटे हैं जो शहरों से, चेहरों पर उनके नूर नहीं,
अपनी मिट्टी से मिलने का, पहले सा सुरूर नहीं।
परिवार की हँसी-ठिठोली, अब कहाँ वो उल्लास है,
एक छत के नीचे भी सबका, अपना अपना आकाश है।
बैठे सब पास-पास, पर मित्र तो केवल फ़ौन हो गया,
मोबाइल की चमक में जैसे, हर रिश्ता मौन हो गया।
बच्चे स्क्रीन में खोए, बुज़ुर्गों की सुनता कौन है,
माँ की आँखें राह तकें, बेटा ऑनलाइन मौन है।
न कोई हाल पूछता है, न कोई मन की बात है,
सैकड़ों मित्र ऑनलाइन, फिर भी अकेली रात है।
कुछ दिवस की औपचारिकता, कुछ रस्में निभाएँगे,
दीप जलाकर, तस्वीरें लेकर फिर शहर लौट जाएँगे।
अब गाँवों के मुकद्दर में, ख़ामोशी ही ख़ामोशी है,
बुझते चूल्हों की राखों में, दबी हुई मदहोशी है।
कभी सोचकर देखना, उन उजड़े हुए मकानों को,
उन बूढ़े माता-पिता को, उन सूने दालानों को।
कुछ पल मोबाइल रखकर, माँ की बातें सुन लेना,
पिता के थके चेहरे पर, मुस्कान के फूल चुन लेना।
वरना हर वर्ष दीप जलेंगे, हर वर्ष अमावस आएगी,
तस्वीरों में दीपावली होगी, पर उदासी रह जाएगी।
शहरों में रोशनी होगी, गाँव अँधेरों में खो जाएँगे,
दीप तो जलते रहेंगे, थककर मगर बूढ़े सो जाएँगे।
— गोविन्द सिंह बिष्ट 'गोसि'
एक घंटा पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all

Anil Pandey

544 कविताएं

View Profile

Dn Chaubey

7667 कविताएं

View Profile