चाह नहीं पुत्री की जिनको, उनकी मति पर ताला है,
बेटे की चाहत में देखो, कैसा सोच का जाला है।
बिन जड़ के कैसे वृक्ष उगेंगे, कैसी यह तैयारी है?
बेटी को जो जन्म न लेने दें, कैसी सोच तुम्हारी है?
बेटा आए, ढोल बजाओ, बेटी आए तो चुप्पी है,
एक ही कोख से जन्मे दोनों, फिर क्यों इतनी दूरी है?
बेटे के सिर ताज सजाते, बेटी पर लाचारी है,
किसने कह दी बेटी घर में, बोझ बनी बेचारी है?
बेटी को कोख में मारोगे, तो बहू कहाँ से लाओगे?
जिस डाली को काट रहे हो, उस पर फूल खिलाओगे?
वंश बढ़ाने की चाहत में, कैसी सोच तुम्हारी है?
बेटी बिन इस सृष्टि की बोलो, कैसी भागीदारी है?
नवरात्रों में कन्या पूजो, देवी शीश नवाते हो,
अपने घर जब बेटी आए, क्यों मुख मोड़ लेते हो?
मंदिर में माँ की जय बोलो, घर में बेटी हारी है,
कैसी तेरी भक्ति प्रभु से, कैसी समझ तुम्हारी है?
बेटी माँ है, बेटी बहना, बेटी घर की शान,
बेटी से ही महके धरती, बेटी से मुस्कान।
बेटा-बेटी दोनों मिलकर, सृष्टि की फुलवारी हैं,
दोनों को सम्मान मिले तो, खुशियों की किलकारी है।
न बेटा ऊँचा, न बेटी नीची, दोनों बराबर प्यारे हैं,
दोनों से ही जग चलता है, दोनों जग के तारे हैं।
सोच बदलो ऐ दुनिया वालों, यही समय की माँग है,
बेटी को सम्मान दिलाना, सबसे बड़ा शुभ काम है।
-प्रदीप बाबू