कभी सोचा नहीं था कि...
कोई इतना अपना हो जाएगा,
बिना कुछ कहे भी दिल की हर बात समझ जाएगा...
न कोई वादा था,
न कोई रिश्ता तय हुआ था,
फिर भी न जाने कब दिल तुम्हारे नाम हो गया...
तुमसे बातें करना धीरे-धीरे सुकून बन गया,
तुम्हारा हँसना मेरे चेहरे की मुस्कान बन गया,
तुम्हारी छोटी-छोटी नाराज़गियाँ भी अच्छी लगने लगीं,
और तुम्हारा मनाना मेरी सबसे प्यारी चाहत बन गया...
कभी तुम्हारे आने का इंतज़ार रहने लगा,
कभी तुम्हारे जाने का मलाल रहने लगा,
तुम्हारी आवाज़ सुनकर दिन सँवरने लगा,
और तुम्हारी ख़ामोशी से दिल डरने लगा...
पता ही नहीं चला कि
कब तुम ज़रूरत से बढ़कर चाहत बन गए,
कब मेरे अनकहे ख़्वाबों की इकलौती हक़ीक़त बन गए,
कब तुम्हारी खुशी में अपनी खुशी ढूँढ़ने लगा,
और कब तुम्हारे दुख में ख़ुद को उदास देखने लगा...
अब आलम यह है कि
तुमसे मिलने की कोई वजह नहीं चाहिए,
बस तुम्हारा साथ हो,
इतनी-सी आरज़ू है...
न चाँद चाहिए,
न सितारों की महफ़िल,
मेरी दुनिया के लिए तुम्हारी एक मुस्कान ही काफ़ी है...
और सुनो...
इसे इश्क़ कहो,
आदत कहो या मेरी नादानी,
मगर सच इतना है कि ज़िंदगी तो पहले भी चल रही थी,
बस तुम्हारे आने के बाद
जीने की एक खूबसूरत वजह मिल गई...
- धनंजय कुमार मिश्र