विज्ञापन

गंगा रुक सकती है, पर सूख नहीं सकती

Devaki Nandan

Mere Alfaz
                                    
                                                                        
                            मैंने देखा है,
        
                                                    
                            
गंगा के किनारे बैठकर,
एक किसान को हल लिए,
और एक गुरु को किताब लिए।

दोनों के हाथों में छाले थे,
दोनों की आँखों में सपने थे,
एक मिट्टी को सोना बनाता था,
दूसरा बच्चों में संस्कार जगाता था।
एक सबका पेट भरता था,
दूसरा सबका भविष्य बनाता था।

फिर एक दिन हवा बदली,
बाज़ार में नए चेहरे आए,
जिनके हाथों में न हल था, न किताब थी,
बस वादों की एक पोटली थी।

उन्होंने कहा — हम तुम्हें तार देंगे,
हम तुम्हें आसमान दिखा देंगे,
किसान ने हल रख दिया,
गुरु ने कलम रख दी।

और फिर क्या हुआ?
हल वाले के बेटे ने झंडा उठा लिया,
किताब वाले के बेटे ने फाइल उठा ली,
और वादों वाली पोटली,
किसी और के घर पहुँच गई।

आज उसी गाँव में,
एक घर में चूल्हा नहीं जलता,
और दूसरे घर में,
दीयों की कतार लगी है।

मैं किसी का नाम नहीं लेता,
मैं किसी पर उंगली नहीं उठाता,
मैं तो बस इतना पूछता हूँ —
क्या यही नियति है, मेहनत करने वालों की?

जिसने जीवन भर दूसरों को रौशनी दी,
क्या वो खुद अंधेरे में ही रहेगा?
जिसने जीवन भर दूसरों को अन्न दिया,
क्या वो खुद भूखा ही सोएगा?

नहीं...
रूह मर नहीं सकती,
गंगा रुक सकती है, पर सूख नहीं सकती,
एक दिन फिर हल उठेगा,
एक दिन फिर कलम उठेगी,
क्योंकि जब-जब रूह सोती है,
तब-तब कोई कविता उसे जगा देती है।
-देवकी नन्दन
28 मिनट पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all

Dn Chaubey

7679 कविताएं

View Profile