विज्ञापन

बुद्धत्व का मौन

Deepak Mishra

Mere Alfaz
                                    
                                                                        
                            हे बोधिसत्व! हे शाक्यमुनि! करुणा के सागर हो अगाध,
        
                                                    
                            
तुमने पाई है परम-सिद्धि, विचरो अब इस जग में निर्बाध।
तरु बोधि-तले जब ध्यान लगा, तब चेतन का विस्तार हुआ,
अंतर का मिटा अंधियारा, बाहर भी जय-जयकार हुआ!
मुख-मंडल पर जो तेज सजे, ज्यों निश्छल कोई दर्पण है,
वैराग्य-भाव में लीन हुए, यह कैसा अहं-विसर्जन है!
चंचल मन की लहरें ठहरीं, तृष्णा का टूट गया घेरा,
अंतर में ज्ञान-प्रभा जागी, छँट गया अविद्या-अंधेरा।
यह प्रश्न उठे मन में अक्सर, क्या इसीलिये तुम शांत हुए,
कि पूर्ण रूप से जाग चुके, और सारे संशय भ्रांत हुए?
या परम-शांत तुम हुए प्रथम, तब यह जागृति का भोर हुआ?
जब थमा वासना का झंझा, तब मौन-नाद चहुँ ओर हुआ!
पर सत्य यही, दोनों ही एक, ज्यों दीप और उसकी बाती,
यह शांति जगाती है तुमको, यह जागृति शांति है लाती।
तुम शांत हो क्योंकि जगे हुए, तुम जगे क्योंकि मन शांत हुआ,
जिसने इस रहस्य को जान लिया, उसका हर भरम निशांत हुआ!
नयनों में करुणा की सरिता, अधरों पर स्मित मुस्कान सजी,
ज्यों अंतर्मन की वीणा पर, कोई अनहद सी तान बजी!
हे महाश्रमण! हे बुद्धदेव! यह विश्व विकल, तुमको ध्याए,
तेरी अनंत इस शांति का, बस एक अंश जग में आए!
~ दीपक कुमार मिश्र
2 महीने पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all