" इस दिवाली एक दीप मन के नाम "
इस दिवाली एक दीप मन के नाम जलाकर रखना,
खोया हो मन कहीं अंधेरों तो उसे जगाकर रखना।
पथ तुम्हरा सुगम बनें एक आशा बनाकर रखना,
खो न जाओ दुनिया की भूल-भुलैया में संभलकर चलना।।
एक दीप थाली में शहीदों का भी तुम बनाकर रखना,
जो हो गये बलिदान उन्हें तुम दिल में बसाकर रखना।
एक दीप उन गरीबों के लिए जो आश्रित तुम्हारे है,
मन के किसी कोने में दया करूणा बनाकर रखना।।
एक दीप मात-पिता की आशाओं का जलाकर रखना,
घर परिवार को स्वर्ग समान तुम बनाकर रखना।
तुम जहां भी जाओ एक अलग छाप तुम्हारी हो,
मन का मंथन करके तुम आत्म शोधन करके रखना।।
एक दीप अंधकार को भगाने हित तुम जलाकर रखना,
रहने न पाए अंधेरा कहीं प्रकाश पर्व मनाकर रखना।
मन का विचलन कर देता है जीवन में घना अंधेरा,
नियम संयम धैर्य अनुशासन जीवन में बनाकर रखना।।
मत भूलना पथ सनातन जीवन चक्र इसी से चलता है,
जैसा कर्म करता मानव फिर वैसा ही फल यहां मिलता है।
रोशन रहे पथ तुम्हारा हर पग पर दीप जलाकर रखना,
स्वच्छ सुलभ जीवन जीकर हर पथ को प्रकाशित रखना।।
-चन्द्र शेखर मार्कंडेय