द्वापर में जो घटित हुआ था, वो प्रसंग पुराना है,
आज भी लाखों दुर्योधन हैं, जाने कैसा ज़माना है।
द्वापर की उस सभा में जब मर्यादा शर्मसार हुई थी,
एक नारी के अपमान पर धर्मसत्ता लाचार हुई थी।
धर्मराज के नामधारी भी विवशता की चादर ओढ़े थे,
वहीं भीष्म थे, वहीं द्रोण थे, धर्मनीति से मुँह मोड़े थे।
जितने वालों के सम्मुख अस्मिता लिए अड़ी रही,
पाँच धनुर्धर पति के रहते निःसहाय वह खड़ी रही।
जिस पुरुषार्थ की बातें करते हो, उस पुरुषार्थ का त्राण कहाँ?
वह पूछ रही थी धर्मसभा से, धर्म कहाँ है, न्याय कहाँ?
पुरुष पराक्रमी मौन खड़े थे, खिंच रही अब साड़ी थी,
एक अबला की लाज दाँव पर, पुरुषों ने क्यों हारी थी?
बने अधर्मी पराक्रमी वहाँ, धर्म का अवशेष न था,
सारी उम्मीदें टूट गई थीं, अब कोई सहारा शेष न था।
लाचारी में चक्रधारी को जब द्रौपदी ने पुकारा,
हस्तिनापुर का दृश्य देखकर मुरलीवाले का मन हारा।
नटखट गिरधर हरि ने द्रौपदी का बेड़ा पार किया,
खींच रहा था चीर सभा बीच, चीर का विस्तार किया।
जो खींच रहा था, दुर्योधन की वह साड़ी थी या नारी थी?
थक-हारकर बैठ पड़ा वो, दुविधा बहुत भारी थी।
पर सुनो, आज की द्रौपदियों! तुम्हें आँसू नहीं बहाना है,
किसी भी दुर्योधन के सम्मुख तुम्हें मौन नहीं अपनाना है।
हर पथ, हर परिस्थिति में तुमको दुर्गा बनकर रहना है,
आज के इस युग में, बहनों, अदम्य साहस तुम्हारा गहना है।
तुम कोमलता की प्रतिमूर्ति हो, तो दुर्गा का संकल्प भी हो,
तुम ममता की निर्मल धारा हो और काली का विकल्प भी हो।
कोई अधर्मी आँख उठाए, आँखें उसकी निकाल लो तुम,
चंडी बन जाओ, काली बन जाओ, कालों का भी काल हो तुम।
तुम्हें किसी कृष्ण की प्रतीक्षा में दृष्टि बिछानी क्यों है?
अपने सम्मान की रक्षा को पराश्रित रह जाना क्यों है?
जिस दिन तुम्हारी चेतना में स्वाभिमान प्रज्वलित होगा,
हर दुर्योधन का अहंकार उसी क्षण धूल-धूसरित होगा!
मेरी बहनों! मेरी बेटियों! अबलापन का मिथ्या त्यागो,
तुम्हारी वाणी तुम्हारा अस्त्र बने, तुम्हारा साहस कवच बने।
तुम्हारा आत्मसम्मान ही तुम्हारा सबसे प्रखर शस्त्र बने।
अधिकार जानो, विधान जानो,
अपने अंतर्मन की शक्ति पहचानो।
अन्याय के प्रत्येक स्वरूप से निर्भीक होकर लोहा लो!
जागो, बहनों, जागो!
क्योंकि अब द्वापर का चमत्कार नहीं,
जागृत नारी का सिंहनाद चाहिए।
अगली द्रौपदी को कृष्ण नहीं,
काली का अवतार चाहिए!
माँ काली का अवतार चाहिए!
— भूषण सिंह ‘अन्वित’