जरा किनारे में रहना,
कभी समंदर में यूँ ही न उतरना,
ये नदी की लहरें नहीं,
जहाँ उतरकर सहज ही है बह जाना।
किसे फ़िक्र है तुम्हारी,
सब लगे हैं अपने-अपने में,
कहीं तुम तमाशा न बन जाना,
लोग ढूँढ़ लेंगे नए-नए बहाने।
समंदर गहरा है, मगर नाव भी है सहारा,
जीना है यहाँ तो हौसलों को बनाना,
जज़्बा पैदा करना अपने मन में,
फिर बेख़ौफ़ उतरना इस समंदर में।
लहरों का मिज़ाज देखकर,
कभी इरादे मत बदलना,
वक्त चाहे कितना भी कठिन हो,
अपने हौसलों को मत कुचलना।
यहाँ डूबने वालों की कहानी,
कोई सुनने नहीं आता,
जो पार लगा हो अपनी मेहनत से,
वही संघर्ष का अर्थ बताता।
किनारे भी कब तक बैठे रहोगे,
कब तक लहरों से डरते रहोगे,
जो तूफ़ानों से आँख मिलाना सीख गया,
एक दिन उसी समंदर में इतिहास लिखोगे।
- भुनेश्वर अनंत