विज्ञापन

मैं बस अपने हिस्से का जीवन जीना चाहता हूँ।

Bhuneshwar Anant

Mere Alfaz
                                    
                                                                        
                            मैं चलते-चलते यूँ ही मुस्करा रहा था,
        
                                                    
                            
मगर उसे मेरा मुस्कुराना रास नहीं आ रहा था।
मैं तो खोया था अपनी ही दुनिया में,
नए-नए सपनों को सजाने में।

सोच रहा था, सपनों को हकीकत बनाने में,
कई बरस लग जाते हैं कमाने में।
मगर उसे कहाँ मेरी सोच का पता था,
वो तो जाने क्या-क्या हिसाब लगा रहा था।

शायद सोच रहा था—
देखकर हँस रहा है, जरूर कोई खोट होगा,
इसके चेहरे पर चढ़ा ये हँसी का रंग,
किसी न किसी राज़ का पर्दा होगा!

मुझे भी लगा, अरे भाई!
क्या मैं हँस भी नहीं सकता?
वाह रे नसीब, अब हँसने पर भी
सज्जनता का प्रमाण देना पड़ता है!

क्या मैं अठखेलियाँ नहीं कर सकता,
बिना वजह चहक नहीं सकता?
हर मुस्कान का कोई मतलब हो,
क्या ऐसा कोई नियम भी है भला?

मैं सहम-सा गया उसकी घूरती निगाहों से,
फिर मन ने कहा— छोड़ यार, क्या डरना!
दिल तो बच्चा है, थोड़ा नादान भी,
क्या इसे जीभर निहारने, मुस्कुराने से रोकना?

क्या बंदिशें इतनी कि उड़ भी न सकूँ,
अपने ही ख्वाबों के पंख खोल न सकूँ?
दिल तो हिलोरें मारता है,
सुनी-सुनसान सड़कों पर थिरकना चाहता है।

मैं अपनी ही दुनिया में खो जाना चाहता हूँ,
बिना किसी वजह के गुनगुनाना चाहता हूँ।
कभी हँसना, कभी चहकना, कभी नाचना चाहता हूँ,
मैं बस अपने हिस्से का जीवन जीना चाहता हूँ।

मैं चलते-चलते यूँ ही मुस्करा रहा था,
मगर उसे मेरा मुस्कुराना रास नहीं आ रहा था।
अब बताओ, इसमें मेरा कसूर क्या था?
मैं खुश था... और शायद यही उसे मंजूर नहीं था!
-भुनेश्वर अनंत
34 मिनट पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all

RATAN KUMAR

968 कविताएं

View Profile

Dn Chaubey

7772 कविताएं

View Profile

Suman Tripathi

15 कविताएं

View Profile