पत्थर का मतलब ये नहीं होता कि
वो चीज वहीं थी सदियों से
पत्थर का मतलब ये नहीं होता कि
कोई चीज अपने-आप यूँ ही बनी होगी
पत्थर का मतलब ये भी नहीं होता कि
सबको बस उसकी ठोकर लगने से बचना है
पत्थर का मतलब कुछ और होता है
कुछ खास, अगर वो रास्ते का पत्थर है
पत्थर का मतलब निकाले तो
क्या ये नहीं हो सकता कि
कोई चीज कहीं छोड़ दी गई हो -
पत्थर बनने के लिए
या फिर कोई चीज किसी के इंतजार में
पड़े-पड़े पत्थर बन गई हो
पत्थर को कुरेदा जाना चाहिए
पूछा जाना चाहिए
पत्थर तभी पत्थर बनता है
जब उसकी कहानी सुनी नहीं जाती..
-अवतार सिंह अक्षरजीवी