हमारे घर में है दादी की एक अलमारी पुरानी
है सबसे बदसूरत संपत्ति, पर इससे जुड़ी है दादी की निशानी
दादी कहती थी इसे दी थी दहेज में उसकी नानी
इस खुरदरी और घर में बिलकुल असंगत लगने वाली को
किए गए हटाने के बहुत प्रयास,पर दादी ने किसी की न मानी
हमारे घर में है एक अलमारी पुरानी
इसमें होते थे दादा जी के मोज़े, सफारी सूट,
प्लास्टिक कवर में इस्त्री की हुई पैंट-कमीज़, और
शादियों और औपचारिक मौकों पर निकलने वाला ब्लेज़र
दूसरे में पुराने अखबारों और नफ़्थलीन की गोलियों में लिपटे सर्दियों के वस्त्र
ध्यान से मोड़े हुए सलवार-कमीज़ और
दादी की लटकी रंगीन साड़ियाँ बना देती थी, मनमोहक और सुहानी
हमारे घर में है एक अलमारी पुरानी
थे इसमें लॉकर, शेल्वस, छिपा हुआ कंपार्टमेंट्स, टिन बॉक्स,
डॉक्यूमेंट होल्डर के रूप में बिजनेस-क्लास पाउच
और आर्काइव किया हुआ पर्याप्त पारिवारिक इतिहास
जल्दी ही सजने लगे चार्जर, दवाइयाँ, विदेशी मुद्रा या दस्तावेज़
लगती थी सरकारी रिकॉर्ड रूम के समान
सब समा लेती अपने में, दिल है इतना महान,सुनकर होगी तुम्हें हैरानी
हमारे घर में है एक अलमारी पुरानी
अलमारी में थे दादी के पाउडर, लिपस्टिक और एक सुरमेदानी
इस पर है एक दर्पण जिससे दादी करती थी श्रृंगार
बहुत इतराती और याद करती थी अपनी जवानी
अलमारी में ही थी सुसज्जित दादी की धार्मिक पुस्तकें
जिने वो पड़ती दिनभर, थी बहुत अधिक ज्ञानी
उनकी इस अलमारी पर विराजते है कृष्ण जी और राधारानी
हमारे घर में है एक अलमारी पुरानी
सोने के गहने, फिक्स्ड डिपॉज़िट,एलआईसी पॉलिसियाँ,
संपत्ति के काग़ज, पासपोर्ट और आपातकाल नक़दी रहते थे सुरक्षित
इस में थे पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस और विभिन्न दस्तावेज
एक स्थान था पासपोर्ट-साइज फ़ोटोग्राफ़ के लिए समर्पित
इसकी उपयोगिता सिर्फ अंदर रखे सामान तक ही नहीं थी सीमित
इसके ऊपर सजते थे सूटकेस, बिस्तर के रोल और गत्ते के डब्बे
इतना कुछ संग्रहीत करके समझती थी अपने को समृद्ध महारानी
हमारे घर में है एक अलमारी पुरानी
सिर्फ़ वित्तीय संपत्तियों की नहीं करती सुरक्षा
सफ़ाई से फ़ोल्ड किए हुए बिस्तर की चादरों
और स्वेटरों के नीचे छिपे हुए थे कीमती सामान
समय बदल गया - पर्दे बदल गए, बिस्तर बदल गए,
दीवारें हो गईं रंगीन, पूरे कमरे का बदला गया डिज़ाइन
लेकिन ज़िद्दी अलमारी वहीं रही ,जहाँ वह हमेशा खड़ी रही
अभी भी संजो कर रखती है घर की बदली तस्वीर की कहानी
हमारे घर में है एक अलमारी पुरानी