विज्ञापन

वीरांगना पद्मिनी

Anonymous User

Mere Alfaz
                                    
                                                                        
                            इतिहासों की गौरवशाली , सब गाथाएँ याद करो |
        
                                                    
                            
लक्ष्मीबाई, दुर्गाभाभी , जीजाबाई याद करो |

याद करो एक एक घटना , कालखण्ड खंगालो जी |
हुये धरा के खातिर जितने , जन्म मरण लिख डालो जी |

मान बड़ा है, यहाँ जान से , खुद को होम किया जाता |
ये वो पावन माटी जिसको , माँ का नाम दिया जाता |

हैं वीर नारियाँ भारत की , जान भले जाने देंगी |
लेकिन अपनी आन बान पर , आँच नहीं आने देंगी |

आज सुनो वह घटना जिसनें , मन का तार हिलाया है |
बलिदानों की परिपाटी में ,स्वर्णिम नाम लिखाया है |

नाम पद्मिनी रानी उसका , देव धरा से आई थी |
शायद बरसो के तप से, इतनी सुंदरता पाई थी |

सारे सांचे सुन्दरता के ,उसके खेल खिलौने थे |
और महल उपमानों के भी, उसके सम्मुख बौने थे |

उसके तन की आभा ऐसी , चांदी फीकी पड़ती थी |
जब रति देखती यह स्वर्ग से , मन ही मन में चिढ़ती थी |

सोलह चन्द्र कलाएँ उसके , सम्मुख ही नतमस्तक थीं |
लेकिन चर्चा यही रूप की , अनहोनी की दस्तक थी |

तब देवदुर्लभ सौंदर्य से , दिल्ली का मन डोला था |
फिर आतातायी खिलजी ने , छल से धावा बोला था |

हथियारों से सज्जित सेना , अनगिन हाथी घोड़े थे |
इज़्ज़त स्वाभिमान के सम्मुख , खिलजी सैनिक थोड़े थे |

घेर लिया था दुर्ग दुष्ट ने , बस रानी को पाना था |
केवल दर्पण प्रतिबिम्ब देख , खिलजी हुआ दिवाना था |

दुष्ट नीचता से रावण ज्यों , सिया हरण को निकला था |
बदनीयत होकर खिलजी नें , अंदर का विष उगला था |

रस्ता शेष दिखा ना कोई , अपना मान बचाने का |
निर्णय लिया कठिन रानी ने , जौहर में जल जाने का |

सोलह हजार जली चिताएँ , ऐसे लाज बचाई थी |
हँसते हँसते खुद ही सबने , अपनी चिता सजाई थी |

ज्यों देख सती को अग्नि मध्य , शिव ने आपा खोया था |
ऐसा जौहर देख विधाता , फूट फूटकर रोया था |

सारे वैभव बौने ऊँचा , सम्मानों से जीना था |
भेद नहीं पाया वह बैरी , हिन्दुस्तानी सीना था |

दुष्ट अलाऊ जीत ना पाया , नारी के स्वाभिमान को |
और चला वह मूर्ख जीतने , समूचे हिन्दुस्तान को |

-:- अंकित विशेष
 
हमें विश्वास है कि हमारे पाठक स्वरचित रचनाएं ही इस कॉलम के तहत प्रकाशित होने के लिए भेजते हैं। हमारे इस सम्मानित पाठक का भी दावा है कि यह रचना स्वरचित है। आपकी रचनात्मकता को अमर उजाला काव्य देगा नया मुक़ाम, रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें
4 वर्ष पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all

Parul Bhaktani

1570 कविताएं

View Profile

Dr fouzia

6843 कविताएं

View Profile