मुर्गी पहले या अंडा, बीज से जन्मा वृक्ष यहाँ,
या तरु से कली मुसकाई है...
अक्ल बड़ी या ताकत अपनी,
जग इस बहस में हारा है,
कर्म बड़ा या भाग्य प्रबल,
किसने किसे सँवारा है।
जब होती है समझ हमें,
तब समय हाथ से जाता है,
जब होता है समय पास,
तब समझ न कोई पाता है...
डिग्री कहती राह बनाओ,
अनुभव चलना सिखलाता,
मंज़िल की चाहत में भागे,
पर पथ ही साथ निभाता।
शब्दों से रिश्ते बनते हैं,
मौन मगर सब कहता है,
प्रेम बाँधता धागा ऐसा,
जो आज़ाद ही रहता है...
संदेह बचाता धोखों से,
विश्वास चलाता हर एक साँस,
अंधेरे से पूछ के देखो,
क्या होता है प्रकाश।
जीत सिखाती नभ में उड़ना,
हार सिखाती झुक चलना,
सुख की चाह में भटके जग,
पर संतोष में ही है पलना...
हर सवाल का उत्तर हो,
ऐसा जग में होता कब है,
उलझ उलझ कर सुलझे जो,
जीवन पहेली ही तो सब है।
—अनीता 'निधि'