विज्ञापन

मेरी रूह

Anita Chaturvedi

Mere Alfaz
                                    
                                                                        
                            मेरी रूह
        
                                                    
                            

धुँध की तहों में
कौन खड़ा है यूँ
जैसे किसी ने
अपने ही अस्तित्व को
प्रकाश के हवाले कर दिया हो।

चेहरा नहीं दिखता,
फिर भी लगता है
यह कोई अजनबी नहीं—
यह मेरी ही रूह है,
जो उम्र भर
मुझसे मिलने की प्रतीक्षा करती रही।

भीड़ ने
जिसे नामों से पुकारा,
रिश्तों ने
जिसे अपने-अपने अर्थ दिए,
वह सब देह थी...

रूह तो
हर संबोधन से मुक्त होकर
बस एक मौन की तरह
भीतर उतरती रही।

वह बोलती नहीं,
पर जब भी
आँखों में बिना कारण नमी उतरती है,
या किसी सांझ
अनायास कोई पुराना स्पर्श याद आता है,
तब वही
मेरे कंधे पर हाथ रखकर कहती है—

"चलो,
अभी तुम पूरी तरह नहीं खोए हो।"

रूह
न उजाले में रहती है,
न अँधेरे में—
वह उस क्षण जन्म लेती है
जब मन
अपने सारे मुखौटे उतारकर
स्वयं से आँख मिलाता है।

शायद इसलिए
इस धुँधली-सी आकृति के चारों ओर
इतनी रोशनी है...

क्योंकि
रूह कभी दिखाई नहीं देती,
वह केवल अपनी आभा छोड़ जाती है।

-अनिता चतुर्वेदी
3 महीने पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all