भाई दूज : स्नेह का अमिट बंधन
आज सजा है आँगन मेरा,
आज हृदय में उमंग है,
भाई दूज का पावन पर्व है,
घर-घर खुशियों का रंग है।
थाली में अक्षत, रोली सजी,
दीपक की उजली ज्योति,
भाई के माथे तिलक लगाकर,
मन में जागे प्रेम की ज्योति।
याद मुझे वे दिन आते हैं,
जब हम दोनों संग खेले,
कभी रूठना, कभी मनाना,
कभी शिकायत के मेले।
वह बचपन की छोटी राहें,
वह कागज़ की नावें प्यारी,
एक निवाले के बँटवारे में,
छिपी थी दुनिया सारी।
समय बदलता रहा निरंतर,
बदल गए जीवन के ढंग,
लेकिन मन के एक कोने में,
आज भी वही पुराना रंग।
भाई! तुम केवल रिश्ता नहीं,
बचपन की पहचान हो,
मेरी अनकही भावनाओं का,
तुम सच्चा सम्मान हो।
न माँगूँ मैं महलों का सुख,
न चाहूँ धन-संपत्ति,
हर कठिनाई में साथ रहे,
अपनेपन की शक्ति।
ईश्वर से बस यही प्रार्थना,
हर दिन मंगलमय हो तुम्हारा,
दुख की छाया पास न आए,
उज्ज्वल रहे जीवन सारा।
तिलक नहीं यह केवल माथे पर,
यह प्रेम का अभिषेक है,
भाई-बहन के पावन रिश्ते का,
यह अनमोल विवेक है।
अटूट रहे विश्वास हमारा,
स्नेह रहे चहुँओर,
भाई दूज के पावन पर्व पर,
प्रेम बढ़े हर ओर।
— अनिता चतुर्वेदी 'मनस्वरा'