विज्ञापन

अमावस की रात-सा मन

Anita Chaturvedi

Mere Alfaz
                                    
                                                                        
                            अमावस की रात-सा मन
        
                                                    
                            

अमावस की रात-सा मन है,
नीरवता का गहरा बंधन है,
किससे कहूँ व्यथा अंतर्मन की,
आँखों में ठहरा सावन है।

न चाँद उतरता आँगन में,
न कोई किरण सँवरती है,
एकाकी मन की वीणा पर,
अनसुनी पीर उभरती है।

कुछ स्वप्न धुँधलके में खोए,
कुछ स्मृतियाँ दीप बुझाती हैं,
जो बातें अधरों तक न आईं,
वे नयनों से बह जाती हैं।

मैं रात की मौन सहचरी हूँ,
तम से मेरा परिचय गहरा,
फिर भी मन के सूने वन में,
ढूँढ़ रही हूँ प्रभात सुनहरा।

किस ओर चलूँ, किसको पुकारूँ,
किससे अपना दुख कह दूँ,
जो पीड़ा मेरी अपनी है,
उसको किसके नाम लिख दूँ?

पर रात भले ही गहन रहे,
मन में विश्वास जगाती हूँ,
टूटे तारों की निस्तब्धता में,
नवगीत स्वयं बन जाती हूँ।

अमावस की इस रात तले भी,
एक दीप बचाकर रखती हूँ,
दुनिया चाहे तम में सोए,
मैं भोर की बाट निहारती हूँ।

— अनिता चतुर्वेदी ‘मनस्वरा’
19 मिनट पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all

Soni Gupta

71 कविताएं

View Profile

Ankit Kumar

11221 कविताएं

View Profile