साफ दिल और रौशन ख्याल,
इसी बात का तो है बवाल ।
चुभती है दुनिया को सीधी बात,
इसलिए उठते है हर बात पे सवाल ।
सच कहो तो वो मुंह फेर लेते हैं,
चुप रहो तो पूछते हैं हाल।
इस नकाबपोशों की बस्ती में,
हमारी सादगी ही बन गई है जंजाल।
वो खामियां निकालते हैं हर बात में,
उलझा कर अपनी बातों की जाल,
पर हम भी चल रहे हैं अपनी धुन में,
चाहे ज़माना बदले अपनी हर चाल।
दिखावे की इस चमचमाती दुनिया में,
बेबाकी ही बनी है हमारी ढाल,
सच्चाई की राह पर चल रहे हैं हम,
दिल में नहीं है कोई मलाल।
-अनिला विर्णवे