धूप से उकता गया हूं छाँव कोई चाहिए
मंजिलें माफिक नहीं हैं राह नई चाहिए
प्यार है मुझसे अगर तो तुम जुबां से भी कहो
है अगर दीवानगी तो नजर आनी चाहिए
कुछ नया हो,कुछ अलग हो सांस हो अगली जुदा
रोज बच्चों को अलग कोई कहानी चाहिए
मर मिटेंगे हम वतन पर लफ़्ज़ बस काफी नहीं
इन दीवानों को बदन पर घाव कोई चाहिए
प्यार में आहें भरें हमसे नहीं हो पाएगा
या नजर से दूर या बाहों में होना चाहिए
जब्त करना भी है सीखा ,सब्र भी कुछ कम नहीं
पर जो उलझन दरमियां है दूर होनी चाहिए
वक्त के ये पर भी देखो, ये तो उड़ ही जाएगा
कुछ करो ऐसा कि पछतावा न होना चाहिए