झारखण्ड की गौरव गाथा पढ़ना सिखा रहा है
भ्रष्टाचार से युवाओं को लड़ना सिखा रहा है।।
जंगल पानी और जमीनें खा गई ठेकेदारी
राजा,चोर, सिपाही इसमें सबकी साझेदारी
ऐसी प्रपंच परिपाटी से अड़ना सिखा रहा है
भ्रष्टाचार से युवाओं को लड़ना सिखा रहा है।।
सांँस हमारी छीन ले गए करके धोखा भारी
हम मूरख बस करते रह गए घर की पहरेदारी
वंचित शोषित पीडितों को ये बढ़ना सिखा रहा है
भ्रष्टाचार से युवाओं को लड़ना सिखा रहा है।।
बाधाओं को देख सामने पीछे नहीं हटेंगे
साहस की तलवार लिये सब मिलकर वहीं डटेंगे
शून्य से उठकर शीर्ष शिखर तक चढ़ना सिखा रहा है
भ्रष्टाचार से युवाओं को लड़ना सिखा रहा है।।
कानून के रखवाले कुछ नेता को बाप बताते
खाकी वर्दी वाले ये जनता को खूब सताते
ऐसी वर्दी के गुंडों से लड़ना सिखा रहा है
भ्रष्टाचार से युवाओं को लड़ना सिखा रहा है।।
- अमित प्रेमशंकर