मजारों पर लगाते हैं हर रोज अर्जियां
लिख लिख के रखते लोग हजारों पर्चियां
रंगों के समंदर में कइयों तैर रही हैं
मछली के जैसे लगतीं हमको तो तितलियां
झुमके नुमाया चाँदनी में यूँ हुये उनके
भादों में कौंधतीं हों अंबर में बिजलियां
याद कर रहा है कोई हमको आज फिर
आ रहीं हैं हाय क्यों ये इतनी हिचकियां
धूप आसमान से आँगन में आ गई
बैठक में आके बैठी वो खोली जो खिड़कियां
धीमी सी आँच पर कड़ाही में थिरकतीं
सोने के गहनों की तरह लगतीं इमरतियां
चिड़ियों की तरह चहकतीं मिश्री सी घोलतीं
बेहद ही भली लगतीं खिलखिलाती लड़कियां
रंगों के घर कतार में मीलों तलक बसे
आलोक खुशबुओं में तर फूलों की बस्तियां
-आलोक