जीवन क्षणिक है, मालूम है मुझे,
और इसे जानने का कोई भी ग़म नहीं,
रुलाती है तो इसकी अनिश्चितता,
और अंत में हाथ रह जाता है
बस एक... काश!
आज एक मौत हुई।
आँखों में क्षितिज की आस लिए,
उन्मुक्त गगन का वासी,
छटाँक भर के पर फड़फड़ाता
धरा पर आ गिरा।
बच्चे भागते हुए आए,
"भैय्या, कबूतर गिरा! कबूतर गिरा!"
नन्ही-सी देह में घुटती साँस,
पंखों में आख़िरी छटपटाहट,
जैसे उस निर्दयी ईश्वर से
माँग रहा हो
थोड़ी-सी ज़िंदगी और।
"भैय्या, कुछ करो!
कुछ तो करो!"
मैं चाहता था, सचमुच चाहता था
उस परिंदे को जीवन देना,
पर मेरी इन हथेलियों में
साँसें कहाँ थीं?
कैसे कहता उन मासूमों से
कि लाचार है तुम्हारा भैय्या,
जीवन देना उस निराकार का काम है,
और शायद वह
अपना काम भूल बैठा है।
क्योंकि देखा है मैंने,
महँगे अस्पतालों में
अमीरों को बिकता हुआ जीवन।
पाखी ने आकाश को देख
आख़िरी बार पुकारा।
कैसे तोड़ देता उसका भ्रम
कि ऊपर बैठा वह अब सुनता नहीं,
लाचारों के दुख पर
अब मूक हो जाता है वह ।
पुकार आकाश तक गई या नहीं,
पंछी चला गया।
मन मसोसकर रह गया मैं।
मेरा बुझा हुआ चेहरा देख
कोई बोला,
"भैय्या को तरस आ रहा है।"
हाँ, तरस आ रहा था,
ख़ुद पर...
और उस निराकार पर भी।
लौटते हुए देखा,
सोया था वह पारिजात ओढ़े।
फूल रखे होंगे उन्हीं बच्चों ने,
जिन्हें दुनिया
उसी ऊपरवाले का रूप कहती है।
वे ख़ुश थे।
मैंने पूछा, "तुम्हें तरस नहीं आता?"
सब बोले, "नहीं।"
कौंध गया पूरा शरीर।
वह नन्हा-सा "नहीं"
बिन कहे कह गया,
मौत मातम नहीं, उत्सव है।
कुछ दिनों बाद कहीं पढ़ा,
पारिजात को कृष्ण
स्वर्ग से धरती पर लाए थे।
तो क्या वह मूक नहीं था?
शायद वही आया था,
उन नन्हे हाथों में उतरकर,
अपने पंछी पर
अपने फूल चढ़ाने।