अजीब बातें
हम कभी सच नहीं सुनना चाहते
हम सुनते है जो हमें अच्छा लगता है
वो नहीं जो सही होता है
जो शख्स अच्छा लगता है
वही सच है
उसके विरोध में खड़े लोगों में
हम कमियां निकाल ही लेते है
कहानी में सिर्फ़ उस तथ्य को मानते है
जहाँ तक हमें ठीक लगता है
बाकी सब प्रोपेगेंडा
कितना आसान है न झूठ सच पहचानना
कौन पिता अपने बेटे के कुकर्म
पर उसे फांसी पर चढ़ाये
कितना कठिन हो जाता है न
उस पिता के लिये निष्पक्ष होना
मुझे गर्व है अपने स्थान धर्म व जात पर
मुझे गर्व है अपने राष्ट्र पर
या गर्व है मुझे मै उनके जैसा नहीं
मानव होने पर मुझे गर्व क्यूं नहीं होता
कितनी अटपटी बात हो जाती हैं
जो हमारे सिद्धांत को ठेस पहुंचाती है
न जाने कब वो देशद्रोह हो जाती है
जाने किस मिज़ाज़ का है ये शहर
उम्रे कट जाती है एक नौकरी के चाह में
किसी को मिल जाता है मुकाम
किसी को तसल्ली
किसी को उम्मीद भी नहीं
लोग नहीं चाहते देश का विकास
नहीं बनना उन्हें विश्वगुरु
वो चाहते है जिन कुछ लोगों को
वो जानते है वे खुश रहे उनका पेट भरता रहे
मगर यहां कुछ पेट इतने बड़े हैं
जो न जाने कईयों का हक़ मार चुके है
वो पेट है अभिमान का द्वेष का क्रोध का लोभ का जो इस पूरी धरा को भी खा कर नहीं भरेगा
- ऐ.के.गौतम