हर एक मंदिर घूमे थे हम,
सब पर माथा टेका था।
गंगा में मन्नत के खातिर,
भर-भर सिक्का फेंका था।
प्यारी पागलपंती में हम,
घंटों पैदल चलते थे।
सपने जीवन संग जीने के,
ख्वाबों में तब पलते थे।
तुम पर जितने गीत लिखे हैं,
वो भी तुम संग मर जाएँगे।
अपना सब कुछ ले लेना तुम,
हम अब अपने घर जाएँगे।
निशानी ले जाना अपनी,
जितनी मेरे पास पड़ी है।
एक किताब है, एक फ़ोटो है,
मन में तेरी याद खड़ी है।
जीवन में मुझको पाने की,
तुमने भी मन्नत माँगी थी।
मेरी तकलीफ़ों में भी,
तुम तकलीफ़ें सहती थी।
सच को जान सकोगी शायद,
मन में अब भी आस यही है।
मिश्री तुमने हीरा खोया,
तुमको ये अंदाज़ नहीं है।
-आदर्श शुक्ला