ख़िज़ाॅं के दौर में सपने बहारों के दिखाती है!
मोहब्बत ख़्वाब में शायद सभी को रास आती है!!
सभी आकाश कहते हैं जिसे दीवार है शायद!
मिरी फ़रियाद टकरा के फ़लक से लौट आती है!!
अभी कितने सितम बाक़ी अभी कितनी जफ़ा बाक़ी!
अभी तो हुस्न की बेगानगी बस मुस्कुराती है!!
सलाम उस दोस्ती को है जो चुन ले राह से काॅंटे!
किसी की राह में गर दुश्मनी काॅंटे बिछाती है!!
भटकना ज़िंदगी मेरी वही दीवानगी ले कर!
भला 'परवेज़' ये दीवानगी किस काम आती है!!
- आलम-ए-ग़ज़ल परवेज़ अहमद