हाय! मर मर के सही तुझ को जिया है हम ने!
ज़िंदगी तुझ से बहुत प्यार किया है हम ने!!
क्या बताऍं कि ज़माने से मिला है क्या क्या!
जो भी पाया वही दुनिया को दिया है हम ने!!
वो जिसे पी के कभी होश न आए जानम!
तेरी ऑंखों से वही जाम पिया है हम ने!!
तू ने जो ज़ख़्म दिए हैं उन्हें सीने के लिए!
तेरे दामन का ही कुछ तार लिया है हम ने!!
भर गए ज़ख़्म तो मिट जाऍंगी यादें 'परवेज़'!
जाने क्या सोच के ज़ख़्मों को सिया है हम ने!!
- आलम-ए-ग़ज़ल परवेज़ अहमद