विज्ञापन

राही डूमरचीर की कविता- तुम्हारे शहर के स्टेशन से गुज़रते हुए

काव्य डेस्क

Kavita
विज्ञापन
                                    
                                                                        
                            तुम्हारे शहर के
        
                                                    
                            
स्टेशन से गुज़रते हुए
तुम याद आईं

सामान्य कथन है यह
सामान्य ही होता सचमुच
इसमें गर तुम नहीं होतीं

स्टेशन से दिख रहे
ठीक तीसरी पहाड़ी के पीछे है
सखुआ के जंगलों से घिरा तुम्हारा गाँव
वहाँ जाने वाली
लचकती वह सड़क भी दिखी
और वह झरिया पर की टूटी हुई पुलिया भी
जहाँ ख़राब हो गई थी तुम्हारे गाँव जाते हुए बस
सवारियों की उकताहटों से बेख़बर
बतियाते ही रहे थे बेपरवाह

हर बार की तरह उस रोज़
थाम कर रख लेना चाहता था
दूर पहाड़ियों से आ रही
झरने की आवाज़ को
घर लौट रहे लोगों
चिड़ियों की चहचहाहट में
डूबती शाम को
थामे रहना चाहता था
मांदर पर थिरकते उस रात
नाचते हुए मेरी हाथ को थामे
तुम्हारे हाथ को

तुम्हारे गाँव से बहुत दूर
गंगा के दियारे में भाग रही है ट्रेन
भाग रहा है मन मांदर की थाप संग
तांग धितिंग धितिंग तांग
तांग तांग तांग धितिंग
धितिंग तांग धितिंग तांग तांग।

हमारे यूट्यूब चैनल को Subscribe करें।

9 महीने पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all