काल के भाल पर इक सदी की तरह
वह सतत बह रहा है नदी की तरह
सबकी खुशियों और ग़म को समेटे हुए
उसकी आभा है भागीरथी की तरह
फरवरी मार्च की गुनगुनी धूप में
खिलखिलाता है गुलदाउदी की तरह
जा के देखो कभी उसको पाओगे तुम
वह ग़ज़ल लिख रहा है तक़ी की तरह
उसकी यादों के जुगनू चमकते हैं जब
बोलता है वो तब इक सदी की तरह
अपने लफ़्ज़ों को कांधे पे लादे हुए
बाँटता फिर रहा ज़िंदगी की तरह
उसको बूढ़ा न कहिए अभी है युवा
वह खुदाओं में है इक ख़ुदी की तरह
उसने देखे हैं दिन गुनगुनाते हुए
रात को फैलती चांदनी की तरह
उसकी अपनी ही दुनिया है कितनी हसीं
लोग रहते हैं नेकी बदी की तरह
वो सुनाएगा तुमको भी कोई ग़ज़ल
तुम मिलो तो कभी तिश्नगी की तरह
उसने जीवन में तूफ़ान देखे कई
वक़्त गुज़रा है इक त्रासदी की तरह
उससे मिल पाना अब तो है संभव नहीं
वह चला जा रहा अजनबी की तरह
(शती पुरुष रामदरश मिश्र के लिए)
हमारे यूट्यूब चैनल को Subscribe करें।