विज्ञापन

Hindi Kavita: भवानी प्रसाद मिश्र की कविता- लँगड़े को पाँव और लूले को हाथ दे

काव्य डेस्क

Kavita
विज्ञापन
                                    
                     
                                                  तापित को स्निग्ध करे,
प्यासे को चैन दे;
सूखे हुए अधरों को
फिर से जो बैन दे
ऐसा सभी पानी है। 

लहरों के आने पर,
काई-सा फटे नहीं;
रोटी के लालच मे
तोते-सा रटे नहीं
प्राणी वही प्राणी है।

लँगड़े को पाँव और
लूले को हाथ दे,
सत की संभार में
मरने तक साथ दे,
बोले तो हमेशा सच,
सच से हटे नहीं;
झूट के डराए से
हरगिज डरे नहीं
सचमुच वही सच्चा है।
विज्ञापन

माथे को फूल जैसा
अपने को चढ़ा दे जो;
रुकती-सी दुनिया को
आगे बढ़ा दे जो;
मरना वही अच्छा है।

प्राणी का वैसे और
दुनिया में टोटा नहीं,
कोई प्राणी बड़ा नहीं
कोई प्राणी छोटा नहीं।

एक वर्ष पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all