जीत जाऊं जब कभी तो
तुम यक़ीनन प्रेम लिखना
हार जाऊंगा अगर तो मै अकेलापन लिखूंगा
बिन तुम्हारे किस तरह से
धूप से बरसात काटी
किस तरह दिन गुज़ारे
किस तरह से रात काटी
राह पर हमने अकेले
दौड़ते दो पाँव देखे
छूटते हर गांव देखे
दर्पणों पर घाव देखे
दुख समझ आए मेरा तो
तुम यक़ीनन प्रेम लिखना,
पर तुम्हे जब ख़त लिखूँगा, मैं अकेलापन लिखूंगा
विज्ञापन
कितने सुंदर ये नयन हैं
जैसे नदियों के किनारे
फिर अधर माथे पे रखकर
चूमती हो दुख हमारे
तुम हमें बाहों में भरकर
यह बताना क्या सही है
काटता हूँ दिन मगर फिर
बीतती क्यों ज़िन्दगी है
इन जटिल प्रश्नों के हल में
तुम यक़ीननन प्रेम लिखना
मैं सरल से उत्तरों में, बस अकेलापन लिखूँगा
साभार: अभिसार गीता शुक्ल की फेसबुक वाल से