‘माई हनुमान चालीसा’ ऐसी किताब है, जिसकी अनुवाद सहित व्याख्या है, जो मूलतः अत्यंत सरल-सहज है और करोड़ों लोगों को मुंहजबानी याद है।
देवदत्त पटनायक समय-समय पर हिंदू धार्मिक किताबों का सहज पाठ, अंग्रेजी में रूपांतरित करते रहते हैं। "जय" नाम से महाभारत का संक्षिप्त रूप, उन्होंने अंग्रेजी में लिखा है, जो किशोरों को महाभारत से परिचित करवाने में एक कामयाब भूमिका निभाता है। साथ ही भगवद्गीता सहित कुछ ग्रन्थों पर वे अंग्रेजी में टीका भी लिखते रहे हैं। आजकल जब हमारा युवा वर्ग इस हालत में है कि उसे भारतीय दर्शन ही नहीं, मामूली से मामूली उक्ति भी अंग्रेजी के माध्यम से समझ में आती है, तो निश्चित ही, देवदत्त पटनायक एक प्रासंगिक और उपयोगी काम कर रहे हैं। भले वह जटिल और बहुआयामी को सरल और एकांगी बनाकर पेश करें। सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप की दुनिया तक सीमित युवा वर्ग के लिए कुछ हद तक, उनकी किताबें एक बृहत दुनिया खोलती हैं। भरत तिवारी ने मूल अवधी में लिखी हनुमान चालीसा की उनकी अंग्रेजी में अनुवाद सहित व्याख्या, ‘माई हनुमान चालिसा’ का हिन्दी में अनुवाद (मेरी हनुमान चालीसा) करके इस कार्य को कुछ और उपयोगी और लोकप्रिय बना दिया है।
विज्ञापन
‘माई हनुमान चालीसा’ ऐसी किताब है, जिसकी अनुवाद सहित व्याख्या है, जो मूलतः अत्यंत सरल और सहज है और करोड़ों लोगों को मुंहजबानी याद है। जैसा खुद पटनायक कहते हैं, उसका पाठ उनके विचलित या भयभीत मन को सुकून पहुंचाता है। जाहिर है उसका धार्मिक क्रिया होना या न होना बेमानी है। शांति देती है तो देती है, बात खत्म। कोई भी लय-ताल, संगीत, कविता यह काम कर सकती है। जरूरत इतनी भर है कि मन में पक्का यकीन हो कि वह ऐसा कर सकती है। इसके साथ यह भी तय है कि हर कविता (यहां दोहा) के कुछ अर्थ होतेे हैं, जिनकी पड़ताल या व्याख्या हर व्यक्ति अपने मन मुताबिक कर सकता है। देवदत्त पटनायक ने हनुमान चालीसा के दोहों की एक अत्यंत सहज स्वीकार्य व्याख्या की है, जिससे किसी का कोई विरोध नहीं हो सकता। यह अपने में एक सुखद स्थिति है और सुकून पहुंचाने का वह काम जारी रखती है, जो हनुमान चालीसा का पाठ करता आया है।
भरत तिवारी ने पटनायक की इस सहज व्याख्या का, हिंदी में सटीक अनुवाद किया है। उसके लिए उन्हें साधुवाद। पुस्तक के गद्य भाग के अनुवाद में रवानी भी है और रस भी। लालित्य और सहजता उसके गुण हैं, जो इस पुस्तक के लिए अनिवार्य भी थे। जहां तक दोहों का सवाल है, जिन्हें इस पुस्तक में छंद कहा गया है और वे छंद में ही हैं।
दिक्कत यह है कि उनका अनुवाद भी अंग्रेजी से किया गया है, अवधी से नहीं। अत: अंग्रेजी मूल और आधुनिक कविता की प्रवृत्ति के अनुरूप, वे मुक्तछंद में हैं या लय मुक्त हैं। विचलित मन पर काबू पाने के लिए शायद ही कोई उनका फौरी पाठ कर सके या करना अभीष्ट माने। उनकी व्याख्या पढ़कर अलबत्ता वह विश्वास कर सकता है कि वह मात्र वही नहीं दुहरा रहा, जो रट रखा है, बल्कि उसे पढ़-गुनकर मस्तिष्क में संजो भी रहा है। यही पटनायक की व्याख्या का अभीष्ट है। और यही भरत तिवारी का उसे हिंदी में अनुवाद के लिए चुनने का भी। आज के युग में जब भावावेग, दुहराव और हिस्टीरिया यानी निम्न स्तरीय पिष्टोक्ति, वायरल होकर, हमारी वैचारिकता को बर्बाद कर रही है, समझ-बूझकर कुछ करना या उसे विचार में संजोना, काफी अर्थ रखता है। इस नजर से केवल सहज हिंदी का ज्ञान रखने वाले असंख्य हिंदी भाषियों के लिए व्याख्या का यह हिंदी अनुवाद, मूल्यवान साबित होगा। अलबत्ता, दोहे वे अवधी छंद में ही गुनगुनाएंगे, आखिर अवधी हमारी उतनी ही अपनी है, जितनी हिंदी, बल्कि स्मृति में सुरक्षित होने के कारण, शायद ज्यादा करीबी तौर पर।
-मृदुला गर्ग
किताब- मेरी हनुमान चालीसा
लेखक - देवदत्त पटनायक
अनुवादक - भरत तिवारी
प्रकाशक- रूपा पब्लिकेशन, दिल्ली
और मंजुल प्रकाशन, भोपाल
मूल्य - 195 रुपये