10 से लेकर 150 रुपये तक बिक रहीं राखियां
19 अगस्त को भाई की कलाई पर बहनें बांधेंगी रक्षा सूत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। रक्षाबंधन का पर्व इस बार 19 अगस्त को मनाया जाएगा। भाई की कलाई पर बहनें इस दिन रक्षा सूत्र बांधेंगी। रक्षाबंधन के लिए कुल्लू में बाजार सज गए हैं। शहर के ढालपुर, लोअर ढालपुर और अखाड़ा बाजार के बाजारों में राखी की खरीदारी तेज हो गई है। बाजार में इस बार रंग-बिरंगी राखियां मौजूद हैं। खास बात यह है कि साधारण रंग-बिरंगे धागों वाली राखी 10 से लेकर 50 रुपये में मिल रही है। अच्छी राखियां 50 से 100 रुपये तक उपलब्ध हैं। वहीं 150 रुपये में भी राखी मिल रही है। फैंसी राखी की कीमत 50 से 100 रुपये के बीच है। राखियों के साथ दुकानों में अन्य सामान की खरीदारी भी बहनें कर रही हैं। सूट व साड़ी की दुकानों में भी ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है। 15 अगस्त के बाद खरीदारी में और भी तेजी आने की उम्मीद है। बाजार में राखी खरीदने पहुंचीं विमला देवी, राधा और लता ने कहा कि रक्षाबंधन के इस पर्व का बहनों को सालभर से इंतजार रहता है। बाजार में राखियां बहनें अपनी पसंद से खरीद रही हैं। 19 अगस्त को बहनें अपने भाई की कलाई पर राखी बांधने से पहले तिलक लगाएंगी। इसके बाद राखी बांधेंगी। उन्होंने अपने भाइयों के लिए राखियां खरीदीं। व्यापार मंडल कुल्लू के मुख्य संरक्षक दिनेश सेन कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर बाजार में कारोबारियों को काफी उम्मीदें होती हैं। बाजार में कपड़ों, राखी के लिए सजी दुकानों में खरीदारी तेज हो गई है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों के द्वारा ग्राहकों के लिए कई ऑफर भी रखे जाते हैं।
..संवाद