हमीरपुर। ग्रामीणों की मांग पर जबरन सड़क निकालने पर जिला परिषद उपाध्यक्ष नरेश कुमार दर्जी के खिलाफ पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। ऑस्ट्रेलिया में अपने बेटी के पास गए भूमि मालिक ने जिला पुलिस को इस बारे में ऑनलाइन शिकायत दी है। जिस पर जिला पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकद्दमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
रणजीत सिंह पुत्र राम सिंह निवासी गांव पांडवीं डाकघर मैड़ तहसील और जिला हमीरपुर चार माह पहले अपनी बेटी के पास ऑस्ट्रेलिया गया है। उसने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि उसे उसके गांव के पड़ोसियों ने मोबाइल से सूचना दी कि 18 मई की रात को करीब 10 बजे इनके गांव में नरेश कुमार उर्फ दर्जी की देखरेख में ढांचों को गिराने का कार्य किया गया। खसरा नंबर 1135/148 जो शिकायतकर्ता के नाम से है, इस भूमि को अधिगृहीत करने की नीयत से शिकायतकर्ता की जमीन में हस्तक्षेप किया गया है। इस दौरान करीब 20 फीट लंबे और पांच फीट ऊंचे डंगे को गिराया गया है। पुलिस ने भी मंगलवार को मौके पर जाकर छानबीन की है। अब निशानदेही से यह स्पष्ट होगा कि भूमि किसकी है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।