धमीजा कॉलोनी में बेरोजगारी से तंग एक युवक ने जहरीला पदार्थ निगलकर अपनी जान दे दी। युवक पिछले दो माह से बेरोजगार था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना शहर के अंतर्गत सन्नी (25) निवासी धमीजा कॉलोनी ने जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या कर ली। सन्नी के मौसा राजेश कुमार ने बताया कि सन्नी पहले सेक्टर 25 स्थित एक फैक्ट्री में काम करता था। दो माह पहले उसकी नौकरी छूट गई। वह इसके बाद नौकरी पाने का प्रयास कर रहा था, लेकिन उसको कहीं पर भी नौकरी नहीं मिल पाई थी। वह नौकरी न मिलने से परेशान रहने लग गया। सन्नी तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। पिता जगदीश भी पेशे से मजदूर है। वीरवार को सन्नी ने घर में खुद को अकेला पाकर जहरीला पदार्थ निगल लिया। परिजनों ने सन्नी को चारपाई पर बेसुध पड़ा पाया और उसको एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया। जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।