हरियाणा में प्रेम विवाह के लिए प्रेमी जोड़ों को अब सुरक्षा के आवेदन के लिए चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। सुरक्षा के आवेदन के लिए ऑनलाइन प्रणाली आरंभ की जा रही है जिसे इसी सप्ताह अमल में लाया जाएगा। यह जानकारी हरियाणा सरकार ने पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट को दी है। हरियाणा सरकार ने बताया कि पहले प्रेमी जोड़ों को सुरक्षा थाने या फिर एसपी ऑफिस जाकर मांगपत्र देना पड़ता था। ऐसे में बाहर रहते हुए उनकी सुरक्षा को खतरा था। अब प्रेमी जोड़ों को सुरक्षा के लिए थाने या एसपी ऑफिस जाने की जरूरत नहीं होगी। ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से सुरक्षा के लिए आवेदन किया जा सकेगा। पंजाब सरकार ने हाईकोर्ट को बताया कि पंजाब में हाल ही में चुनाव हैं और ऐसे में उन्हें इस मामले में जवाब दाखिल करने के लिए तीन सप्ताह की मोहलत दी जाए। अन्य खबरें पढ़ें...
हरियाणा सरकार को झटका: निजी क्षेत्र में स्थानीय निवासियों को 75 फीसदी आरक्षण के फैसले पर हाईकोर्ट की रोक
हरियाणा में निजी क्षेत्र की नौकरियों में हरियाणा के निवासियों को 75 फीसदी आरक्षण देने के हरियाणा सरकार के फैसले पर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने रोक लगा दी है। इसके साथ ही इस आरक्षण को चुनौती देने वाली फरीदाबाद इंडस्ट्रियल एसोसिएशन की याचिका पर हरियाणा सरकार से जवाब तलब कर लिया है। पढ़ें विस्तृत खबर...
कैलेंडर विवाद: इनसो ने सीबीएलयू के वीसी कार्यालय का घेराव कर की नारेबाजी, चौ. बंसीलाल का फोटो लगाने की मांग की
हरियाणा के भिवानी में स्थित चौ. बंसीलाल विश्वविद्यालय के वार्षिक कैलेंडर से पूर्व मुख्यमंत्री स्व. चौ. बंसीलाल का फोटो हटाए जाने से गुस्साए छात्रों ने इनसो जिला अध्यक्ष सेठी धनाना के नेतृत्व में गुरुवार को सरकार के खिलाफ हल्ला बोलते हुए सीबीएलयू के वीसी कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान भारी संख्या में जमा छात्रों ने सरकार व सीबीएलयू मुर्दाबाद के नारे लगाए। पढ़ें विस्तृत खबर...
पश्चिमी विक्षोभ के कारण बदला मौसम: हरियाणा में कई जिलों में सुबह से झमाझम बरसात, कल भी ऐसा ही रहेगा मौसम
हरियाणा में मौसम बदल गया है। गुरुवार सुबह से कई जिलों में झमाझम बरसात हुई। शुक्रवार को भी बारिश के आसार हैं। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के अनुसार करनाल, कैथल, कुरुक्षेत्र, अम्बाला, पंचकूला/चंडीगढ़, फतेहाबाद, हिसार, जींद, रोहतक, झज्जर, सोनीपत, पानीपत, भिवानी, चरखी दादरी जिलों व आसपास के क्षेत्रों में तेज हवाओं और गरजचमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होगी। इस दौरान उत्तरी हरियाणा के जिलों में कुछ एक स्थानों पर तेज बारिश होने की भी संभावना है। पढ़ें विस्तृत खबर...
हरियाणा: एचबीएसई कराएगा मार्च 2022 में आठवीं की वार्षिक परीक्षा, अगले सत्र से 8वीं और 5वीं की भी बोर्ड परीक्षा
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा मिडिल वार्षिक परीक्षा मार्च-2022 का आयोजन करवाया जाएगा। बोर्ड अध्यक्ष प्रो जगबीर सिंह, उपाध्यक्ष वीपी यादव एवं सचिव कृष्ण कुमार ने बताया कि निदेशक शिक्षा हरियाणा की ओर से जारी की गई अधिसूचना के आधार पर राज्य शैक्षिक अनुसंधान प्रशिक्षण परिषद हरियाणा गुरुग्राम को प्रदेश के सभी विद्यालयों (हरियाणा में स्थित सभी निजी विद्यालयों) की 5वीं व 8वीं की वार्षिक परीक्षा का आयोजन करवाने की जिम्मेदारी दी गई थी। पढ़ें विस्तृत खबर...
यमुनानगर: ऋण दिलाने के बहाने महिला को कोठी में बुलाया, टूटी बोतल की नोक पर किया सामूहिक दुष्कर्म
हरियाणा के यमुनानगर जिले के बिलासपुर क्षेत्र में तीन लोगों ने ऋण दिलाने के बहाने एक महिला को बुलाकर उससे सामूहिक दुष्कर्म किया। महिला ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। बिलासपुर पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर तीन व्यक्तियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म करने के आरोप में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। महिला को बिलासपुर क्षेत्र में रहने वाला एक व्यक्ति लोन दिलाने के लिए बैंक मैनेजर से मिलवाने की बात कहकर कोठी में ले गया। जहां पहले से दो लोग मौजूद थे। वहां पहुंचने पर तीनों ने महिला से सामूहिक दुष्कर्म किया। पढ़ें विस्तृत खबर...