नगर निगम की ओर से बकाया गृहकर जमा नहीं कराने वालों पर कार्रवाई की गई। टीम ने क्षेत्रीय कर अधिकारी राजेंद्र सिंह के नेतृत्व में सील करने की कार्रवाई को अंजाम दिया।
हरियाणा के सोनीपत में गृहकर जमा नहीं कराने वालों पर नगर निगम की ओर से शिकंजा कसा जा रहा है। निगम की टीम ने बुधवार को 50-50 लाख रुपये बकाया गृहकर जमा नहीं कराने पर मुरथल हाईवे पर स्थित गरम धरम ढाबा और जुगल किशोर राइस मिल को सील कर दिया।
विज्ञापन
टीम ने क्षेत्रीय कर अधिकारी राजेंद्र सिंह के नेतृत्व में सील करने की कार्रवाई को अंजाम दिया। इससे पहले 12 जनवरी को टीम ने गरम धरम ढाबे पर पहुंचकर 12 लाख रुपये गृहकर वसूले थे। बाकी गृहकर जमा कराने के लिए कहा गया था। उसके बाद भी ढाबा मालिक ने समय पर गृहकर जमा नहीं कराया।
नगर निगम की टीम बुधवार को क्षेत्रीय कर अधिकारी राजेंद्र कुमार के नेतृत्व में गृहकर वसूल करने पहुंची। सबसे पहले टीम मुरथल जीटी रोड पर स्थित गरम धरम ढाबे पर पहुंची। जहां पर ढाबा मालिक ने बकाया गृहकर जमा नहीं कराया। ऐसे में कार्रवाई करते हुए टीम ने ढाबे को सील कर दिया। बार-बार नोटिस देने के बावजूद ढाबा मालिक की तरफ से गृहकर जमा कराने के लिए कोई कदम नहीं उठाया जा रहा था।
विज्ञापन
क्षेत्रीय कर अधिकारी राजेंद्र कुमार ने चेतावनी भी दी कि जब तक बकाया गृहकर जमा नहीं करा जाता, तब तक सील नहीं हटाई जा सकती। यदि सील हटाने की कोशिश की जाती है तो निगम की तरफ से कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद टीम जुगल किशोर राइस मिल पर पहुंची और सील कर दिया। दोनों प्रॉपर्टी मालिकों पर 50-50 लाख रुपये गृहकर बकाया है। निगम की ओर से भवन मालिक को बकाया गृहकर जमा नहीं करने पर दो बार नोटिस दिया जा चुका है।