अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। शहर के बहुचर्चित सोनू धानक हमले में शहर पुलिस के हाथ इस हमले का एक और आरोपी चढ़ा है। शहर पुलिस की एक टीम ने इस मामले में फरार आरोपियों में शामिल बलराज उर्फ गोली को बीघड़ रोड़ टी-प्वाइंट से गिरफ्तार किया है। शहर थाना के कार्यकारी एसएचओ जगदीश चंद्र ने बलराज की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।
एसएचओ जगदीश चंद्र ने बताया कि मूल रूप से बीघड रोड की हरिजन बस्ती निवासी बलराज के बारे में गुप्त सूचना मिली थी कि वो रविवार सांय बीघड़ रोड पर घूम रहा है, इसके बाद शहर पुलिस की एक टीम ने बलराज को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। सोनू धानक पर हमले का प्लान बलराज के दिमाग की उपज बताई गई है हालांकि पुलिस अभी इस बारे में खुलकर कुछ भी कहने से बच रही है। एसएचओ ने बताया कि सोमवार सुबह आरोपी बलराज को कोर्ट में पेश किया जाएगा और उसका रिमांड मांगा जाएगा ताकि इस मामले में फरार चल रहे बाकी आरोपियों के बारे में सूचना निकाली जा सके।
गौरतलब है कि 14 अप्रैल की सुबह गुरुनानक पुरा निवासी सोनू धानक पर स्थानीय गीता मंदिर रोड पर सीनियर माडल स्कूल के पास बाइक सवारों ने गोली मारकर घायल कर दिया था। इस मामले में सोनू धानक के पिता रघुबीर की शिकायत पर शहर पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था जिसमें से तीन आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं जबकि बलराज को रविवार सांय गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में अभी भी दो आरोपी फरार बताए गए हैं। जबकि वारदात में प्रयुक्त हथियार जींद व बाइक सिरसा से बरामद की जा चुकी है। इस घटना के बाद से वाल्मीकि चौक व कबीर बस्ती इलाके में तनाव की स्थिति है और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए इलाके में पुलिस पार्टी को तैनात किया गया है।