अमर उजाला ब्यूरो
टोहाना।
चंडीगढ़ रोड स्थित बांसल पेट्रोल पंप के सामने से चोर शनिवार देर रात को शर्मा खल भंडार की दुकान से लाखों रुपये कीमत के खल-बिनौले, गेहूं, सरसों एवं नकदी चोरी कर ले गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना की जांच के लिए पुलिस ने एफएसएल की टीम को बुलाया है। चोरी की यह वारदात चंडीगढ़ रोड स्थित पुलिस चौकी से कुछ दूरी पर हुई है। चोरी की घटना को अंजाम देने के लिए पिकअप गाड़ी, मोटरसाइकिल का प्रयोग किया जाना माना जा रहा है।
दुकान मालिक प्रवेश शर्मा ने बताया कि वह गुप्ता कालोनी का रहने वाला है तथा उसकी राहुल भारद्वाज ट्रेडिंग कंपनी एवं शर्मा खल भंडार के नाम से दुकान है। उसने बताया कि रोजाना की तरह वह रात्रि लगभग 8 बजे दुकान को बंद कर घर गया था। सुबह साढे़ सात बजे जब वह अपने भाई दिनेश के साथ दुकान पर पहुुंचा तो उसने देखा कि दुकान का सामान बिखरा हुआ था तथा दुकान के पीछे के दोनों दरवाजे खुले हुए थे। उसने बताया कि सबसे पहले उसने मामले की सूचना चंडीगढ़ रोड चौकी पुलिस को दी। मालिक ने बताया कि उसकी दुकान से 20 टीन सरसों के तेल, लगभग 150 थैले खल, एक दर्जन पशुओं के गद्दे, भारी मात्रा में गेहूं, खल, बिनौले, व 4 हजार की नकदी चोरी हुई है उसने बताया कि लगभग 5 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। दुकानदार ने बताया कि लगभग 6 वर्ष पूर्व ही उन्होंने दुकान शुरू की थी।
तीन-चार वाहनों में गया है सामान
दुकान मालिक ने अंदेशा जताते हुए कहा कि जितना सामान चोरी किया गया है यह एक व्हीकल में नहीं जा सकता। इसके लिए तीन से चार वाहन प्रयोग किए गए हैं। दुकान मालिक ने अंदेशा जताते हुए कहा कि इस घटना से पहले पूरी तरह से रेकी की गई होगी, क्योंकि दुकान के पीछे के शट्टर को वे नट बोल्ट से बंद करते हैं। ये रेकी के बाद ही पता चला होगा। दुकानदार ने बताया कि दुकान से कुछ ही दूरी पर एक पाईप रैंच भी मिला है। जिसकी मदद से वे नट बोल्ट खोलकर चोर घुसे होंगे। घटना की सूचना पाकर अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार काऊंसिल के कानूनी सलाहकार नवनीत शर्मा, ब्राह्मण सभा के पूर्व प्रधान बलबीर शर्मा पहुंचे तथा मामले को लेकर शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की। इस दौरान उन्होंने पीड़ित प्रवेश शर्मा से जानकारी ली। उन्होंने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि इस घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों को काबू करे।
पुलिस ने खंगाले सीसीटीवी
इस दौरान पुलिस की टीम ने बांसल पेट्रोल पंप में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। जांच के लिए गई टीम को एक संदिग्ध पिकअप गाड़ी दुकान के पीछे की तरफ जाते हुए दिखाई दी। पिकअप गाड़ी सुबह 3 बजकर 25 मिनट पर दुकान की तरफ गई तथा 9 मिनट बाद वापिस उसी रोड पर चली गई। इससे पहले एक मोटरसाइकिल भी कैमरे में कैद हुआ है। पुलिस इन सभी तथ्यों की गहनता से जांच कर रही है ताकि आरोपी को शीघ्र काबू किया जा सके। शहर थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि उनके पास सूचना आई थी कि चंडीगढ़ रोड पर शर्मा खाल भंडार पर चोरी हुई है। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि एफएसएल की टीम द्वारा फ्रिंगर प्ऱिट लिए जाएंगे। एसएचओ ने कहा कि पेट्रोल पंप पर लगे कैमरों की जांच की जाएगी तथा दुकान मालिक का स्टाक रजिस्टर भी जांचा जाएगा।