चरखी दादरी। घरों के समीप शहर की सीवर लाइन का दूषित पानी निकालने से खफा शिव कॉलोनी के लोगों ने मंगलवार दोपहर रोहतक रोड़ पर जाम लगा दिया। पानी निकासी के विरोध में उतरे लोगों ने विभाग और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की। करीब 25 मिनट तक लोग सड़क पर डटे रहे और उन्होंने किसी वाहन चालक को नहीं गुजरने दिया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जाम लगाने वालीं महिलाओं और युवाओं को सड़क से खदेड़कर जाम खुलवाया।
चिराग, बलबीर, सुरेश, सुदेश, मिश्रा, शील, सरोज, अनुप, नरेंद्र, मनोज व राकेश आदि ने बताया कि करीब एक सप्ताह से विभाग शहर का दूषित पानी उनके मकानों के समीप खाली जगह पर निकाल रहा है। कॉलोनी के समीप एक फुट तक सीवर का दूषित पानी भरा हुआ है, जिसके चलते माहौल दुर्गंधमय बना हुआ है। पानी निकासी का कार्य जारी रहने से खफा कॉलोनी के लोग मंगलवार दोपहर दो बजकर 50 मिनट पर रोहतक रोड पर उतर आए। उन्होंने रेलवे मोड़ के समीप सड़क पर पहले अवरोधक डाले और इसके बाद मानव श्रृंखला बनाकर सड़क के बीचोंबीच खड़े हो गए। जाम की सूचना मिलते ही तीन बजकर 10 मिनट पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने पहले प्रदर्शनकारियों से जाम खोलने की अपील की, लेकिन जब वे तैयार नहीं हुए तो पुलिसकर्मियों ने हाथ पकड़कर उन्हें सड़क से नीचे उतार दिया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने सड़क पर डाले गए अवरोधक हटाकर ट्रैफिक व्यवस्था बहाल करवाई। करीब सवा तीन बजे रोहतक रोड की ट्रैफिक व्यवस्था बहाल हुई।
गत शनिवार शाम भी लगाया था जाम
घरों के समीप पानी निकासी करने से खफा लोगों ने गत शनिवार को भी रोहतक फाटक पर जाम लगाया था। उस दौरान भी लोगों ने उनके घरों के समीप पानी निकासी बंद करवाने की मांग की थी। उस दौरान लोगों को रेलवे पुलिस ने समझा बुझाकर जाम खुलवाया था।
छोटे बच्चों का लोगों को सबसे अधिक खतरा
महिलाओं और लोगों ने बताया कि घरों के समीप घुटनों तक करीब एक फुट पानी भरा हुआ है। अगर प्रशासन यूं ही निकासी करवाता रहा तो अगले दो-तीन दिन में ही पानी उनके घरों के अंदर तक पहुंच जाएगा। लोगों ने बताया कि छोटे बच्चे गेट से बाहर निकल जाते हैं और अब एक फुट तक पानी भरा होने से उन्हें अपने बच्चों के हादसों का शिकार होने की चिंता भी सता रही है।
जाम की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। लोगों को समझाया गया है कि जल्द ही उनके घरों के समीप भरे पानी का मोटरों से उठान कर दूसरी जगह निकासी करवा दी जाएगी। जाम लगाना किसी समस्या का समाधान नहीं है।
वजीर सिंह, सिटी थाना प्रभारी