अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। भिवानी निवासी एक युवक को जर्मनी के नामी होटल में इंडियन कुक लगवाने के नाम पर साढ़े 21 लाख रुपये की ठगी मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ 19 अप्रैल 2017 में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया था।
पुलिस को दी शिकायत में न्यू भारत नगर कॉलोनी निवासी अनुप सिंह ने बताया कि उसके एक पड़ोसी की पंजाब निवासी जगमित सिंह से जान पहचान बताई। जिसकी शादी जर्मनी मूल की एक महिला के साथ हुई थी। उसके जर्मनी में काफी होटल हैं, जिसके अंदर इंडियन कुक की डिमांड है। इसी के चलते उससे लाखों रुपयों की मांग की गई। विदेश में नौकरी लगवाने के लिए वर्क ऑर्डर व विजा बनवाने का झांसा देकर उससे साढ़े 21 लाख रुपये की नगदी ऐंठ ली। लेकिन फिर भी उसकी नौकरी नहीं लगी। काफी दिनों तक तो उसे आरोपी झांसा देते रहे, मगर लाखों रुपये गंवाने के बाद भी जब पीड़ित को नौकरी नहीं मिली तो उसने इस मामले की शिकायत पुलिस महानिरीक्षक को कर दी। पुलिस महानिरीक्षक के आदेश पर सिटी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने इसी मामले में पंजाब निवासी जजसमित सिंह को गिरफ्तार किया है।