अवैध हथियारों के लिए कुख्यात मध्यप्रदेश के निमाड़ अंचल से अक्सर अंतरराज्यीय हथियार तस्करों के पकड़े जाने की खबरें सामने आती रहती हैं। ताजा मामला खरगोन जिले के गोगावां थाना क्षेत्र का है, जहां पंजाब से अवैध हथियार खरीदने आए एक तस्कर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी के पास से 11 अवैध हथियार बरामद किए गए, जिनमें 7 देशी पिस्टल और 4 कट्टे शामिल हैं। पुलिस ने आरोपी के पास से 2.35 लाख मूल्य के अवैध हथियारों के साथ एक स्विफ्ट कार भी जब्त की है। हालांकि, आरोपी का एक साथी और हथियार बेचने वाला व्यक्ति अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई
खरगोन एसपी धर्मराज मीना ने बताया कि गोगावां थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम बिलाली के पास खरगोन-खंडवा रोड स्थित पेट्रोल पंप पर घेराबंदी की। इस दौरान संदिग्ध स्विफ्ट कार को रोका गया। कार में दो युवक सवार थे, जिनमें से गगनदीप सिंह पिता परविंदर सिंह निवासी बालाचौर जिला नवांशहर पंजाब को पकड़ा गया। उसका साथी सुनील मौके से फरार हो गया। कार और आरोपी की तलाशी लेने पर गगनदीप के पास से एक देशी पिस्टल और कार में रखे बैग से 6 देशी पिस्टल और 4 देशी कट्टे बरामद हुए। पुलिस ने मौके से 2.35 लाख मूल्य के अवैध हथियार और एक स्विफ्ट कार को जब्त कर लिया।
आरोपियों पर मामला दर्ज
पूछताछ में पता चला कि फरार आरोपी सुनील भी बालाचौर पंजाब का ही रहने वाला है। वहीं, गगनदीप ने खुलासा किया कि यह अवैध हथियार सिगनूर निवासी विशाल सिकलीगर और उसके साथी रवि (ग्राम रेटवा) से 1.70 लाख में खरीदे गए थे। पुलिस ने इस मामले में विशाल सिकलीगर, रवि, और सुनील के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
नेटवर्क की जांच की जा रही
पुलिस ने बताया कि हथियार तस्करी के इस नेटवर्क की पूरी जांच की जा रही है और फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। इस क्षेत्र में अवैध हथियारों की तस्करी पर लगाम लगाने के लिए पुलिस सतर्क है।