'हिंदी हैं हम' शब्द शृंखला में आज का शब्द है- अरिष्ट, जिसका अर्थ है- दु:ख, कष्ट, विपत्ति, दुर्भाग्य, अपशकुन। प्रस्तुत है मैथिलीशरण गुप्त की कविता- भीष्म प्रतिज्ञा
विलोक शोभा विविध प्रकार,
जी में सुखी होकर एक बार।
यशोधनी शांतनु भूप प्यारे,
थे घूमते श्रीयमुना किनारे॥
वहाँ उन्होंने अति ही विचित्र,
आघ्राण की एक सुगंध मित्र!
थी चित्तहारी वह गंध ऐसी,
पाई कई पूर्व कभी न जैसी॥
भूपाल ऐसे उससे लुभाने,
शरीर की भी सुधि वे भुलाने।
चली प्रमोदार्णव में समाने,
पता-ठिकाना उसका लगाने॥
देखी उन्होंने तब एक बाला,
जो कांति से थी करती उजाला।
मिलिंद ने फुल था विशाला,
मानों निहारी अरविंद-माला॥
कैवर्त्त-कन्या वह सुंदरी थी,
बिंबाधरी और कृशोदरी थी।
मनोभिरामा मृगलोचनी थी,
मनोज-रामा-मद-मोचनी थी॥
सुवर्ण-गात्रोद्भव गंध द्वारा,
प्रसार कोसों निजनाम प्यारा।
प्रत्यक्ष मानों वह थी दिखाती—
सुवर्ण में भी मृदु गंध आती॥
तत्काल जी को वह मोह लेती,
थी दर्शकों को अति मोद देती।
विलोक तद्रूप विचित्र कांति,
थी दूर होती सब शांति दांति॥
यों देख शोभा उसकी गंभीर,
तत्काल भूपाल हुए अधीर।
क्या देख पूर्णेंदु नितांत कांत,
कभी रहा है सलिलेश शांत?
पुनः उन्होंने उससे सकाम,
हो मुग्ध पूछा जब नाम-धाम।
बोली अहा! सो प्रमदा प्रवीणा,
मानों बजी मंजुल मिष्ट वीणा॥
“हो आपका मंगल सर्व काल,
जानों मुझे सत्यवती नृपाल!
नौका चलाती सुकृतार्थ-काज,
पिता महात्मा मम दासराज॥”
थी मिष्ट वाणी उसकी विशेष,
हुआ अतः और सुखी नरेश।
रसाल-शाखा पिक-गान-संग,
देती नहीं क्या दुगनी उमंग?
पुनः उन्होंने उसके पिता से,
माँगा उसे जाकर नम्रता से।
किंतु प्रतिज्ञा अति स्वार्थ-सानी,
यों पूर्ण चाही उसने करानी॥
“संतान जो सत्यवती जनेगी,
राज्याधिकारी वह ही बनेगी।”
कामार्त थे यद्यपि वे, तथापि,
न की प्रतिज्ञा नृप ने कदापि॥
लौटे अतः सत्यवती बिना ही,
पाया उन्होंने दु:ख चित्त-दाही।
पावें व्यथा क्यों न सदा अनंत,
अकार्य तो भी करते न संत॥
आगे पढ़ें
कमेंट
कमेंट X