मिरे जुनूँ का नतीजा ज़रूर निकलेगा
इसी सियाह समुंदर से नूर निकलेगा
क़ज़लबाश का यह शेर आज शिद्दत से याद आ रहा है। शायद इसलिए कि जब जुनूँ, ख़िदमत, शुजाअत और अदब एक ही शख़्सियत में यकजा हो जाएँ, तो ज़ेहन के पर्दे पर एक नाम उभरता है मोहतरम जनाब तजेंद्र सिंह लूथरा साहब.
बुलंद क़द, चौड़ा सीना, चेहरे पर एक ख़ास संजीदगी, दिल में बेशुमार हमदर्दी और ज़ेहन में इल्म का समंदर। चुस्त-दुरुस्त शख़्सियत पर सलीक़े से सजा लिनन-कॉटन का लिबास और उसके रंगों से हमआहंग, उतनी ही ख़ूबसूरती और वक़ार के साथ बँधी शानदार पगड़ी। शख़्सियत में रुआब, अंदाज़ में तहज़ीब और आँखों में तजुर्बे की वो गहराई, जो पहली मुलाक़ात में ही अपनी तरफ़ मुतवज्जह कर लेती है।
पेशे के एतबार से सीनियर आईपीएस अफ़सर रहे, मगर दिल की दुनिया हमेशा अल्फ़ाज़, एहसास और अदब से आबाद रही। ऐसा नहीं कि उन्हें सिर्फ़ अदब से मोहब्बत है, बल्कि वो ख़ुद अदबी महफ़िलों की रौनक़ और अहल-ए-अदब के महबूब बन चुके हैं। मेरा ज़ाती तजुर्बा यह है कि उनसे होने वाली हर गुफ़्तगू महज़ गुफ़्तो-शुनीद नहीं होती, बल्कि इल्म, दानिश और ज़िंदगी के किसी नए पहलू से रूबरू होने का एक दिलकश बहाना बन जाती है।
उनकी शख़्सियत में पहाड़ की सख़्ती भी है और बादलों की नरमी भी। एक तरफ़ उसूलों की पुख़्तगी, अनुशासन की पाबंदी और फ़ैसलों में दोटूकपन, तो दूसरी तरफ़ दिल की वो नर्मदिली जो किसी की तकलीफ़ को महसूस करने के लिए किसी तआरुफ़ की मोहताज नहीं। लूथरा साहब बेहद हस्सास, ज़हीन और बेबाक हैं। उनकी नज़्मों से गुज़रते हुए महसूस होता है कि वो अपने एहसासात को महज़ अल्फ़ाज़ में ढालते नहीं, बल्कि उन्हें अपनी रूह की आँच में तपाकर क़लम के हवाले करते हैं। अख़बार में पढ़ी कोई मामूली-सी ख़बर हो या ज़िंदगी का कोई ज़ाती तजुर्बा, उनकी निगाह उसे एक नई मानीख़ेज़ शक्ल अता कर देती है। गोया कोई मंज़र पहले उनके दिल में उतरता है, फिर एहसास की ज़बान पाता है और आख़िरकार एक ऐसी नज़्म बनकर सामने आता है, जो पढ़ने वाले के ज़ेहन में देर तक रौशनी किए रहती है।
इसी सिलसिले की एक अहम कड़ी है वाणी प्रकाशन से प्रकाशित उनकी नई किताब 'प्लेटफ़ॉर्म से आवाज़ें', जिसमें 119 नज़्में शामिल हैं।
किताब की पहली ही नज़्म 'प्लेटफ़ॉर्म से आवाज़ें' पढ़ी तो महसूस हुआ कि यह महज़ नज़्मों का एक मजमूआ नहीं, बल्कि हमारे इर्दगिर्द बिखरी समाजी हक़ीक़तों, अनसुनी सदाओं और इंसानी बेबसी का एक मानीख़ेज़ दस्तावेज़ है। यह किताब उन आवाज़ों की तरफ़ हमारा ध्यान खींचती है, जो हर तरफ़ मौजूद तो हैं, मगर हमारी मसरूफ़ियत, बेरुख़ी और तबक़ाती ज़हनियत के शोर में कहीं गुम होकर रह गई हैं।
आवाज़ें जो सुनाई नहीं देतीं...
आवाज़ें जो सुनाई नहीं देतीं...
लूथरा साहब की नज़्म 'प्लेटफ़ॉर्म से आवाज़ें' महज़ रेलवे प्लेटफ़ॉर्म का एक मंज़र पेश नहीं करती, बल्कि पूरे हिंदुस्तानी समाज की तबक़ाती तफ़रीक़, ख़ौफ़, बेबसी और इंसानी एहसासात की घुटती हुई चीख़ों का असरअंगेज़ बयान बन जाती है। यहाँ 'आवाज़' एक गहरे इस्तिआरे की शक्ल इख़्तियार कर लेती है। ऐसी आवाज़, जो हर तरफ़ मौजूद है, मगर फिर भी सुनाई नहीं देती। यही इस नज़्म का सबसे बड़ा हुस्न भी है और सबसे तीखा तंज़ भी।
नज़्म की इब्तिदा एक बेहद सादे और रोज़मर्रा के जुमले से होती है—
“हमारा घर स्टेशन से ज़्यादा दूर नहीं है…”
मगर यही मामूली-सा जुमला धीरे-धीरे एक ऐसे समाजी मंज़रनामे में तब्दील हो जाता है, जहाँ इंसान भीड़ का हिस्सा होकर भी अकेला है, मौजूद होकर भी गुमशुदा है। दिन का ट्रैफ़िक, रेल के भोंपू, मुसाफ़िरों की चिल्लाहटें और प्लेटफ़ॉर्म का शोर—ये सब ज़िंदगी की जानी-पहचानी आवाज़ें हैं, लेकिन शायर की निगाह उन सदाओं पर ठहरती है, जो इस शोर में दबकर रह गई हैं।
“नहीं आती कोई आवाज़”
दरअसल, यही जुमला पूरी नज़्म की रूह है।
लूथरा साहब ने प्लेटफ़ॉर्म को हिंदुस्तानी समाज का एक मुकम्मल रूपक बना दिया है। यहाँ धक्का-मुक्की है, सीट के लिए जद्दोजहद है, रिज़र्वेशन का गुरूर है और एलीट घुमक्कड़ों की आँखों में तिरस्कार की ठंडी चमक भी। यह सिर्फ़ रेल के सफ़र का बयान नहीं, बल्कि उस निज़ाम की तस्वीर है जहाँ इंसान की हैसियत उसके तबक़े, उसकी सहूलियत और उसकी सामाजिक हैसियत से तय की जाती है।
ख़ास तौर पर ये पंक्तियाँ दिल को चीरकर रख देती हैं
“मम्मी, मम्मी, मम्मी की कोई आवाज़ नहीं आती।”
भीड़ में अपनी माँ से बिछड़ते एक बच्चे की पुकार को शायर ने जिस ख़ामोशी और बेबसी के साथ पेश किया है, वह गहरी करुणा पैदा करती है। यहाँ आवाज़ का गुम हो जाना महज़ एक बच्चे की आवाज़ का खो जाना नहीं, बल्कि हमारे भीतर की इंसानियत और हमदर्दी का कहीं खो जाना है।
नज़्म में बार-बार लौटता हुआ जुमला 'नहीं आती कोई आवाज़' एक रदीफ़ की तरह पूरे मंज़र को बाँधता है। हर बार इसका अर्थ बदलता है, मगर इसकी चोट और गहरी होती जाती है। यह ख़ामोशी सिर्फ़ प्लेटफ़ॉर्म की नहीं, हमारे ज़मीर की ख़ामोशी है। एक ऐसी ख़ामोशी, जिसमें हम सब किसी न किसी तरह शरीक हैं।
लेकिन लूथरा साहब अपनी नज़्म को मायूसी की तारीकियों में गुम नहीं होने देते। आख़िरी हिस्से में अचानक उम्मीद की एक किरन दिखाई देती है
“नहीं-नहीं एक दिन होगा चमत्कार
सब साथ मिलकर चिल्लायेंगे…”
यहाँ नज़्म का लहजा एहतेजाज और सामूहिक बेदारी की तरफ़ मुड़ जाता है। जो आवाज़ें आज दबा दी गई हैं, वही कल एक बुलंद पुकार बनेंगी। यह उम्मीद किसी ख़ुशफ़हमी का नतीजा नहीं, बल्कि उस यक़ीन की तर्जुमानी है कि ख़ामोशी हमेशा मुक़द्दर नहीं होती। कभी न कभी दबे हुए लब खुलेंगे, बिखरी हुई आवाज़ें एक साथ उठेंगी और शायद तब कोई उन्हें अनसुना करने की जुर्रत नहीं कर पाएगा।
यही बात इस नज़्म को महज़ दर्द की दास्तान नहीं रहने देती, बल्कि उसे समाजी तब्दीली की एक पुरअसर पुकार बना देती है।
'स्पर्श', रिश्तों की पाकीज़गी और एक पिता की कशमकश
ज़बान के एतबार से नज़्म सादा, रवाँ और अवामी है। इसमें अल्फ़ाज़ की नुमाइश नहीं, बल्कि तजुर्बे की सच्चाई है। 'घुटन', 'बदहवासी', 'झुँझलाहट', 'धौंस', 'हिकारत' और 'गुर्राहट' जैसे अल्फ़ाज़ पूरे माहौल को इस तरह ज़िंदा करते हैं कि पाठक सिर्फ़ नज़्म पढ़ता नहीं, बल्कि ख़ुद को उस दमघोंटू प्लेटफ़ॉर्म पर खड़ा महसूस करने लगता है।
लूथरा साहब का ख़ास्सा यही है कि वो जहाँ खड़े हैं, वहीं से सवाल उठाते हैं। उनका सवाल सिर्फ़ सिस्टम से नहीं, हम सब से है। वो किसी दूसरे को कठघरे में खड़ा करने से पहले हमारे अपने ज़मीर को कटघरे में ले आते हैं।
'स्पर्श', रिश्तों की पाकीज़गी और एक पिता की कशमकश
इसी सिलसिले में किताब के पृष्ठ संख्या 20 पर एक और निहायत हस्सास नज़्म मिलती है 'स्पर्श'।
यह नज़्म ममता, आशंका, वात्सल्य और रिश्तों की पाकीज़गी का एक नर्मो-नाज़ुक बयान है। मेरा ख़याल है कि कोई भी पिता, और शायद हर वो शख़्स जो किसी बेटी से मुहब्बत करता है, इस नज़्म से एक गहरा राब्ता महसूस करेगा।
'स्पर्श' में बाप-बेटी के रिश्ते की मासूमियत, बेपनाह मोहब्बत, गहरी फ़िक्र और समाजी ख़ौफ़ एक-दूसरे में इस तरह घुल-मिल जाते हैं कि नज़्म अपने भीतर एक साथ कई सवाल समेट लेती है। यह महज़ वात्सल्य का बयान नहीं, बल्कि उस बेचैनी की तर्जुमानी भी है जो आज के दौर में रिश्तों की पाकीज़गी पर मंडराते शक, समाजी विकृतियों और इंसानी नीयत के गिरते हुए मेयार से पैदा हुई है।
नज़्म की शुरुआत एक बेहद मुलायम और जज़्बाती लहजे से होती है
“तुम जब सिर्फ़ बड़ी हो रही थीं
मेरी चिंता जवान
और तुम्हारी माँ की
फ़िक्र तो अधेड़ हो रही थी।”
उम्र के बढ़ने और फ़िक्र के जवान होने का यह तअल्लुक़ कितना दिलकश और कितना मानीख़ेज़ है। बेटी के बड़े होने के साथ माँ-बाप की चिंता का जवान और अधेड़ होना महज़ अल्फ़ाज़ का खेल नहीं, बल्कि वक़्त के साथ बदलते एहसासात की एक बेहद ख़ूबसूरत तसवीर है।
यहाँ बेटी की उम्र बढ़ रही है, लेकिन उसके साथ-साथ माँ-बाप के दिल में एक अनजाना ख़ौफ़ भी परवान चढ़ रहा है। यह उस समाज का ख़ौफ़ है जहाँ कभी-कभी सबसे पाक रिश्तों को भी अपनी पाकीज़गी साबित करने की नौबत आ जाती है।
नज़्म का सबसे ताक़तवर पहलू इसका समाजी शऊर है। लूथरा साहब सिर्फ़ एक पिता के जज़्बात में नहीं डूबते, बल्कि उन ख़तरों की तरफ़ भी इशारा करते हैं जो औरत की अस्मत, उसकी मर्ज़ी और रिश्तों की हुरमत के लिए हमेशा से मौजूद रहे हैं।
“कहीं कोई रावणी दुस्साहस
सीता की असहमति लाँघ न जाये…”
यहाँ 'रावणी दुस्साहस' और 'सीता' का इस्तिमाल महज़ पौराणिक हवाले के तौर पर नहीं हुआ, बल्कि यह हमारे दौर की एक तल्ख़ हक़ीक़त को सामने लाता है। सीता का ज़िक्र और उनकी असहमति का हवाला इस बात को रेखांकित करता है कि किसी भी रिश्ते में किसी की मर्ज़ी और उसकी गरिमा से बढ़कर कुछ नहीं।
एक पिता अपनी बेटी को महज़ दुनिया की मुश्किलों से नहीं, बल्कि इंसानी नीयत की उस गंदगी से भी महफ़ूज़ रखना चाहता है, जिसका कोई चेहरा नहीं होता, मगर जिसका ख़ौफ़ हर संवेदनशील दिल में मौजूद रहता है। इस तरह नज़्म अपने निजी दायरे से निकलकर एक बड़े समाजी सवाल में तब्दील हो जाती है।
'स्पर्श' इस नज़्म का उनवान ही नहीं, उसका केंद्रीय फ़लसफ़ा भी है। स्पर्श यहाँ सिर्फ़ जिस्मानी छुअन नहीं, बल्कि भरोसे, अपनत्व, स्नेह और मुहब्बत का इस्तिआरा है। मगर जब यही स्पर्श समाज की दूषित निगाहों और नीयत के सवालों से टकराता है, तो एक पिता की रूहानी कशमकश सामने आती है।
लूथरा साहब लिखते हैं—
“अपने स्नेह और तुम्हारे
मासूम प्यार के बीच
अनचाहे स्पर्श से टकरा जाता हूँ।”
इन पंक्तियों में एक पिता का अंतर्द्वंद्व अपनी पूरी शिद्दत के साथ सामने आता है। एक तरफ़ बेटी के लिए बेपनाह मुहब्बत और दूसरी तरफ़ समाज की वह सियाह हक़ीक़त, जो कभी-कभी इंसान को अपने ही पाक जज़्बात के इज़हार से भी झिझकने पर मजबूर कर देती है।
यहाँ एक अजीब-सी त्रासदी जन्म लेती है। जिस स्पर्श में स्नेह है, उसे भी समाज की विकृत मानसिकता के संदर्भ में देखा जाने लगता है। यही वह बिंदु है जहाँ नज़्म वीभत्स की एक ऐसी अनुभूति से रूबरू कराती है, जो किसी बाहरी दृश्य में नहीं, बल्कि इंसानी ज़हन और समाजी सोच की विकृति में मौजूद है।
और फिर नज़्म का आख़िरी हिस्सा...
“क्या तब बेझिझक लगोगी मेरे गले?
क्या फिर से बैठोगी मेरी गोद में
और करोगी लाड़ मुझे?”
ये सवाल पढ़ते हुए दिल एक पल को ठहर जाता है।
यहाँ एक पिता को सिर्फ़ वक़्त के गुज़र जाने का डर नहीं है, बल्कि रिश्ते के बदल जाने का ख़ौफ़ भी है। उसे अंदेशा है कि कहीं समाज की शंकालु निगाहें, उसकी बेटी के मन में भी अनजानी दूरी न पैदा कर दें। कहीं वह सहजता, वह बेफ़िक्री और वह मासूम अपनापन, जो पिता और बेटी के रिश्ते की सबसे बड़ी ख़ूबसूरती है, वक़्त और सामाजिक विकृतियों की भेंट न चढ़ जाए।
नज़्म का यह सवाल दरअसल हर उस पिता का सवाल है, जो अपनी बेटी को दुनिया की हर बुराई से महफ़ूज़ देखना चाहता है, मगर साथ ही यह भी चाहता है कि उसकी मोहब्बत और उसके स्नेह की मासूमियत कभी किसी शक की ज़द में न आए।
ज़बान के एतबार से भी यह नज़्म अपनी सादगी में बेहद पुरअसर है। यहाँ शायरी का कोई बनावटी लिबास नहीं, बल्कि एहसास की अपनी गर्माहट है। लूथरा साहब की ख़ूबी यह है कि वो जटिल सामाजिक और मनोवैज्ञानिक सवालों को भी ऐसे सहज अल्फ़ाज़ में बयान करते हैं कि पाठक उन सवालों से बचकर निकल नहीं पाता।
अल्फ़ाज़ से आगे, एहसास का सफ़र...
मजमूई तौर पर 'प्लेटफ़ॉर्म से आवाज़ें' एक ऐसी किताब है जिसमें ज़िंदगी के मामूली दिखाई देने वाले मंज़र अपने भीतर असाधारण मानी रखते हैं। लूथरा साहब की नज़र उन चेहरों पर ठहरती है जिन्हें अक्सर भीड़ में नज़रअंदाज़ कर दिया जाता है, उन आवाज़ों पर जो शोर में दब जाती हैं और उन रिश्तों पर जो वक़्त के साथ कई अनकहे सवालों से घिर जाते हैं।
उनकी नज़्मों में एक तरफ़ समाज की तल्ख़ हक़ीक़त है, तो दूसरी तरफ़ इंसानी रिश्तों की नर्माहट। कहीं एहतेजाज है, कहीं करुणा; कहीं सवाल है, कहीं ख़ामोश बेचैनी। और इन सबके बीच एक ऐसा शायर मौजूद है जो अपने पेशेवर तजुर्बे, सामाजिक निगाह और ज़ाती संवेदना को अदब की ज़बान अता करना जानता है।
मेरे नज़दीक उनकी सबसे बड़ी ख़ूबी यही है कि वो पाठक को कोई तैयारशुदा फ़ैसला नहीं थमाते। वो एक मंज़र रचते हैं, एक सवाल उठाते हैं और फिर बड़ी ख़ूबसूरती से पाठक को उसके अपने ज़मीर के रूबरू छोड़ देते हैं। शायद यही एक सच्चे अदब की पहचान भी है कि वह पढ़े जाने के बाद ख़त्म नहीं होता, बल्कि अपने भीतर एक नई गुफ़्तगू शुरू कर देता है।
तजेंद्र सिंह लूथरा साहब को इस ख़ूबसूरत अदबी कोशिश के लिए दिली मुबारकबाद। दुआ है कि उनका क़लम इसी तरह ज़िंदगी के अनकहे क़िस्सों, अनसुनी सदाओं और अनछुए एहसासात को लफ़्ज़ों की रौशनी अता करता रहे।
उनकी क़लम आबाद रहे, उनके फ़िक्र के नए दरवाज़े खुलते रहें और अदब की दुनिया को उनके तजुर्बे, उनकी दानिश और उनकी हस्सास निगाह से यूँ ही फ़ैज़ पहुँचता रहे।
क्योंकि कुछ आवाज़ें सिर्फ़ सुनी नहीं जातीं, महसूस की जाती हैं... और कुछ नज़्में सिर्फ़ पढ़ी नहीं जातीं, अपने भीतर उतारी जाती हैं।
आगे पढ़ें
आवाज़ें जो सुनाई नहीं देतीं...
2 घंटे पहले
कमेंट
कमेंट X