लफ़्ज़ों के पुल की कोई ज़रूरत नहीं रही,
जब से नज़र से दिल की हिफ़ाज़त नहीं रही।
एक ही ख़्याल, एक ही धड़कन, एक ही सुर,
इस मेल में किसी भी वज़ाहत नहीं रही।
कुछ लोग मिल के यूँ लगे जैसे सदियों के हों,
पहली ही गुफ़्तगू में कोई अजनबीयत नहीं रही।
ख़ामोशियाँ भी पढ़ने लगे जब दो हमसफ़र,
फिर दरमियाँ ज़माने की रवायत नहीं रही।
चेहरे की हर शिकन को वो पढ़ ले बग़ैर लफ़्ज़,
उस शख़्स से छुपाने की आदत नहीं रही।
एक ही तरह से सोचते हैं ज़िंदगी को हम,
अंदाज़-ए-गुफ़्तगू में भी ज़हमत नहीं रही।
तन्हाइयों के शहर में अपना सा घर मिला,
अब भीड़ में भटकने की चाहत नहीं रही।
मिलना बिछड़ना वक़्त के हाथों में है मगर,
दिल को किसी भी मोड़ पे वहशत नहीं रही।
रूहों के तार जब किसी एक धुन पे बज उठें,
'विक्की' फिर इस जहाँ से शिकायत नहीं रही।
-विकास त्रिपाठी विक्की
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X