कागज़ों पर सभ्यता के नाम लिखे जाते हैं,
लेकिन दिलों में कितने विराम लिखे जाते हैं।
ऊंची इमारतों से शहर तो सज गए बहुत,
पर कितने घरों में आज भी सवाल लिखे जाते हैं ।
किसी की थाली में भोजन बचा हुआ है,
किसी का बचपन भूख में पला हुआ है।
कहीं दौलत के पहाड़ खड़े हैं,
कहीं श्रम का दीपक अकेला जला हुआ है।
मैंने समय से एक प्रश्न पूछा था ,
किस बात पर इतना अभिमान है ?
उसने कहा -मनुष्य ने सब कुछ जीत लिया,
बस मनुष्य होना अभी बाकी है ।
जब तक किसी की पीड़ा अनसुनी रहेगी,
जब तक किसी की मेहनत अनमोल नहीं होगी ,
जब तक बेटी के सपनों पर पहरे होंगे,
तब तक विकास की कहानी पूरी नहीं होगी ।
मुझे ऐसा समाज नहीं चाहिए ,
जहां केवल सफल चेहरों का सम्मान हो,
मुझे वह संसार चाहिए ,
जहां संघर्ष करने वाले हाथों की भी पहचान हो।
जहां जाति से पहले इंसानियत हो ,
जहां धर्म से पहले प्रेम की बात हो ,
जहां किसी गरीब की आंखों में आसूं नहीं,
बल्कि उसके सपनों के साथ पूरी कायनात हो।
मैं एक नई इबारत लिखना चाहती हूं,
जिसमें किसी का अधिकार अधूरा न रहे ,
इतिहास चाहे कितने भी हस्ताक्षर मांगे ,
पर मनुष्यता का नाम अधूरा न रहे।
**क्योंकि मेरी कलम का उद्देश्य केवल लिखना नहीं,
सोई हुई संवेदनाओं को जगाना है,
मैं पुरस्कार के लिए नहीं,
अपने शब्दों से समाज को आईना दिखाना चाहती हूं।
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X