जीवन की कठिन परिस्थिति को अपने अनुकूल बना लेना।
यदि पथ में आए विपत्ति तो तुम विपत्ति को चने चबा देना।।
तुम मानव हो कोई पशु नहीं,
जो चाहो वह कर सकते हो।
ईश्वर ने वह सामर्थ्य दिया ,
हर परिस्थिति से लड़ सकते हो।।
बार-बार की असफलता ही,
एक जीत की प्रेरणा बनती है।
कांटों की चुभन को सहकर ही,
एक कली पुष्प की खिलती है।।
कभी हिम्मत न हारना मुश्किल में छाती अपनी चौड़ा लेना।
तुम देख विपत्ति विशाल रूप,यह बुद्धि अपनी दौड़ा लेना।।
स्वप्न देखने से केवल कभी,
वो साकार नहीं होते सपने।
जब तक न लगन हो पाने की,
वो स्वप्न नहीं होते अपने।।
स्वप्न हकीकत करने में,
तुम्हें करनी होगी दिन रात एक।
मंजिल के पथ पर विपत्तियां भी,
मिलेगीं तुमको अनेक।।
ध्यान रहे मंजिल पे तेरा और नजर को अपनी गड़ा लेना।
हर विपत्ति से लड़ने का तुम साहस भी अपना बढ़ा लेना।।।
एक सागर सा जीवन तेरा,
और स्वप्न तुम्हारा नौका है।
नाविक हो नौका के तुम्हीं,
ये पार लगाने का मौका है।।
संघर्ष रूपी पतवार तुम्हारी,
यह सागर पार लगाएगी।
ये पतवार ही तुम्हें तुम्हारी,
मंजिल तक पहुंचाएगी।।
पतवार निरंतर चलती रहे उसे हाथ से नहीं गिरा देना।
सागर के भंवर बीच में तुम पतवार को नहीं टिका देना।।
- कुमार आदित्य यदुवंशी
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X