'हिंदी हैं हम' शब्द श्रृंखला में आज का शब्द है- झाँझर, जिसका अर्थ है- पायल, पैजनी, झांझन, छलनी। प्रस्तुत है शंभुनाथ सिंह की कविता- जल बीच खड़े खुज लाते हैं, पाँखें अपनी गर्दन मोड़े
पर्वत न हुआ, निर्झर न हुआ
सरिता न हुआ, सागर न हुआ,
क़िस्मत कैसी ! लेकर आया
जंगल न हुआ, पातर न हुआ ।
जब-जब नीले नभ के नीचे
उजले ये सारस के जोड़े,
जल बीच खड़े खुज लाते हैं
पाँखें अपनी गर्दन मोड़े ।
तब-तब आकुल हो उठता मन
किस अर्थ मिला ऐसा जीवन,
जलचर न हुआ, जलखर न हुआ,
पुरइन न हुआ, पोखर न हुआ ।
जब–जब साखू-वन में उठते
करमा की धुन के हिलकोरे,
मादल की थापों के सम पर
भाँवर देते आँचल कोरे ।
तब–तब रो उठता है यह मन
कितना अभिशप्त मिला जीवन,
पायल न हुआ, झाँझर न हुआ,
गुदना न हुआ, काजर न हुआ ।
कमेंट
कमेंट X