रावलपिंडी-तेजगाम एक्सप्रेस में आग
- फोटो : Dawn
गुरुवार की सुबह खबर आई कि पाकिस्तान में लियाकतपुर शहर के पास तेजगाम ट्रेन की तीन बोगियों में आग लग गई। इस हादसे में अब तक 73 यात्रियों की मौत हो चुकी है और कई लोग घायल हुए हैं। इनमें से एक गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही रेलमंत्री राशिद ने मृतकों के परिजनों के लिए पांच-पांच लाख रुपये के मुआवजे की घोषणा कर दी।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने घटना पर दुख व्यक्त किया है और अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वह घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराएं। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना भी व्यक्त की हैं। पाकिस्तानी पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री यासमीन राशिद ने बताया कि लगभग 40 लोगों का इलाज रहीमयार खान जिले में चल रहा है। इसमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। शवों को लियाकतपुर के डीएचक्यू अस्पताल में रखवाया गया है और घायलों को इलाज के लिए बहावल विक्टोरिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
तेजगाम एक्सप्रेस ट्रेन रावलपिंडी से कराची जा रही थी। उसकी एक बोगी में कुछ यात्री अपने लिए सुबह का नाश्ता बना रहे थे तभी एलपीजी सिलिंडर में विस्फोट के साथ आग लग गई। पाकिस्तान के रेलमंत्री शेख राशिद ने बताया कि ट्रेन में सवार अधिकांश यात्री रायविंद में तब्लीगी जमात में शिरकत करने के लिए जा रहे थे। आग लगते ही कई यात्रियों ने ट्रेन से कूदकर अपनी जान बचाई।
पाकिस्तानी रेल मंत्रालय मृतकों के नाम और पहचान की सूची बना रहा है ताकि उन तक राहत राशि पहुंचाई जा सके। यह भी कहा जा रहा है कि यात्रियों के सामान की अच्छी तरह से जांच न होने की वजह से यह हादसा हुआ है। दरअसल जमात में शिरकत के लिए जा रहे यात्री अपने साथ खाने-पीने का सामान और खाना पकाने के लिए गैस-चूल्हा भी लेकर यात्रा कर रहे थे।
पाकिस्तानी रेल मंत्रालय के मुताबिक इस दुर्घटना की वजह से करीब 134 रेलगाड़ियों का आवागमन प्रभावित हुआ। कई सौ यात्रियों को रायविंद रेलवे स्टेशन पर घंटों ट्रेन के लिए इंतजार करना पड़ा।