दुनियाभर में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। संक्रमितों की संख्या में रोजाना बढ़ोतरी हो रही है तो वहीं लोगों के मरने का सिलसिला भी थमने का नाम नहीं ले रहा है। वैश्विक महामारी की वजह से विश्व में अब तक 41000 से अधिक लोगों की मौत हुई है. वहीं संक्रमितों की संख्या भी बढ़कर आठ लाख से अधिक हो गई है। इस जानलेवा वायरस की वजह से सबसे अधिक प्रभावित यूरोप है। सिर्फ यहां पर ही दो तिहाई मौतें हुई हैं। इटली और स्पेन में मौतों की संख्या लगातार बढ़ रही है तो वहीं अमेरिका और फ्रांस की स्थिति भी गंभीर होते जा रही है। यहां पढ़ें दुनियाभर में कोरोना से संबंधित सभी अपडेट...
अमेरिका में एक दिन में रिकॉर्ड 865 मौतें, मृतकों की संख्या 3800 के पार।
अमेरिका को ट्रंप की चेतावनी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका को अगले दो हफ्ते के लिए आगाह किया है। ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका के लिए अगले दो हफ्ते बेहद दर्दनाक होने वाले हैं।
इटली में मना शोक दिवस
द नेशनल एसोसिएशन ऑफ इटालियन म्युनिसिपालिटी ने मंगलवार को इटली में शोक दिवस के रूप में मनाया। इस दौरान सभी स्कूलों, अस्पतालों, सरकारी दफ्तरों के राष्ट्रीय ध्वज आधे झुके रहे। दोपहर 12 बजे 2 मिनट का मौन रखकर सभी मृतकों को श्रद्धांजलि दी गई। संकट की इस घड़ी में हम सब साथ हैं का नारा बुलंद किया गया। देश इस समय बेहद नाजुक स्थिति से गुजर रहा है।
कोरोनो संक्रमण से इटली में 12,000 से अधिक लोगों और 63 डॉक्टरों की मौत हो चुकी है।
विज्ञापन
सिंगापुर में दो भारतीयों समेत 47 नए संक्रमित मरीज
दो भारतीय नागरिकों समेत सिंगापुर में मंगलवार को कोरोना वायरस से संक्रमित 47 नए मरीजों की पहचान की गई। इसके साथ ही देश में इस महामारी से पीड़ित लोगों की संख्या बढ़कर 926 पर पहुंच गई है।
नए पीड़ितों में से 16 लोग हाल ही में ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, डेनमार्क, मलेशिया और इंडोनेशिया की यात्रा से लौटे हैं।
स्वास्थ्य मंत्री गान किम योंग ने बताया कि दोनों पीड़ित भारतीय स्थानीय स्तर पर ही इस संक्रमण की चपेट में आए हैं। इनमें से एक की उम्र 21 साल, जबकि दूसरे की 32 साल है। उन्होंने बताया कि देश में फिलहाल 22 लोग संक्रमण के गंभीर स्तर पर हैं।
उधर, चैनल न्यूज एशिया ने दावा किया है कि देश में स्थानीय स्तर पर संक्रमित होने वालों की दैनिक दर 25 है।
ब्रिटेन मे 13 वर्षीय बच्चे की मौत
समाचार एजेंसी एएफपी के मुताबिक ब्रिटेन के 13 वर्षीय बच्चे की कोरोना वायरस की वजह से मौत हो गई।
पाकिस्तान में 1900 से अधिक संक्रमित
पाकिस्तान में स्थिति गंभीर होते जा रही है. यहां 31 मार्च (मंगलवार) तक संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1914 हो गई तो वहीं अब तक 26 लोगों की जान भी जा चुकी है।
इजराइली सेना प्रमुख ने खुद को पृथक किया
इजराइल रक्षा बल (आईडीएफ) के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल अवीव कोचावी और दो वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों ने मंगलवार को खुद को पृथक कर लिया क्योंकि वे हाल ही में उस कमांडर के सम्पर्क में आए थे जिसके कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है।
ब्रिटेन ने बढ़ाई वीजा अवधि
कोरोना संकट के बीच ब्रिटेन ने भारतीय और विदेशी चिकित्सकों की वीजा अवधि बढ़ाई। ये चिकित्सक देश की राष्ट्रीय स्वस्थ्य सेवा (एनएचएस) के लिए कार्यरत हैं। ब्रिटेन की गृह मंत्री ने कहा कि करीब 2,800 प्रवासी चिकित्सकों, नर्सों और पैरामेडिकल कर्मचारियों के वीजा की अवधि एक साल के लिए बढ़ेगी।
फ्रांस में 3500 मौतें
फ्रांस में पिछले 24 घंटे में 499 मौतें हुई हैं, जिसके बाद यहां मृतकों की संख्या बढ़कर 3500 के पार हो गई है।
इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड की आर्थिक मदद
इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने इंग्लिश क्रिकेट के लिए पांच अरब से अधिक की सहायता राशि देने का फैसला किया है।
अमेरिका में चीन से ज्यादा मौत
एएफपी समाचार एजेंसी के अनुसार जॉन्स हॉपकिन्स ने बताया कि अमेरिका ने कोरोना वायरस से होने वाली मृत्यु के मामले में चीन को पीछे छोड़ दिया है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार अमेरिका में चीन से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।
सीएनएन न्यूज एंकर क्रिस क्योमो भी पॉजिटिव
सीएनएन न्यूज एंकर क्रिस क्योमो भी कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं। उन्होंने खुद ही इसकी पुष्टि की।
हालांकि उन्होंने इस दौरान अपने घर से ही रात नौ बजे का प्राइम टाइम शो किया। क्योमो ने बताया कि वह अभी सही महसूस कर रहे हैं।
स्पेन में पिछले 24 घंटों में 849 की मौत
स्पेन में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के संक्रमण से रिकार्ड 849 लोगों की मौत हो गई जिससे देश में इस महामारी से मृतकों की संख्या बढ़कर 8,189 हो गई है। पिछले 24 घंटे में 9,222 लोग इस वायरस से संक्रमित पाये गए हैं जिससे पुष्ट मामलों की कुल संख्या बढ़कर 94,417 हो गई है।
ईरान में 141 और लोगों की मौत
ईरान में कोरोना वायरस से 141 और लोगों की मौत हो गई है, जबकि मरने वालों की संख्या 2,898 हो गई।
कोरोना से संक्रमित एक 12 साल की लड़की की बेल्जियम में मौत
समाचार एजेंसी एएफपी के मुताबिक कोरोना से संक्रमित एक 12 साल की लड़की की बेल्जियम में मौत हो गई है। इस बात की जानकारी वहां अधिकारियों ने दी है।
पाकिस्तान में संक्रमितों की संख्या 1865 हुई
पाकिस्तान में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या मंगलवार को बढ़कर 1865 तक पहुंच गई है।
मंदी में चली जाएगी विश्व की अर्थव्यवस्था
संयुक्त राष्ट्र की ताजा व्यापार रिपोर्ट के मुताबिक कोरोना वायरस महामारी के चलते वैश्विक अर्थव्यवस्था इस साल मंदी में चली जाएगी, जबकि भारत और चीन इसके अपवाद हो सकते हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक इस दौरान खरबों डॉलर का नुकसान होगा और विकासशील देशों के लिए एक बड़ा संकट खड़ा हो जाएगा।
रिपोर्ट में हालांकि इस बात की विस्तार से व्याख्या नहीं की गई है कि भारत और चीन अपवाद क्यों और कैसे होंगे।
संयुक्तराष्ट्र व्यापार और विकास सम्मेलन (अंकटाड) के एक ताजा विश्लेषण में कहा गया है कि दुनिया की दो-तिहाई आबादी प्रभावित होगी और अगले दो वर्षों के दौरान विकासशील देशों में करीब 2,000 अरब डॉलर से 3,000 अरब डॉलर के बीच विदेशों से आने वाला निवेश प्रभावित हो सकता है।
अंकटाड ने कहा कि हाल में विकसित अर्थव्यवस्थाओं और चीन ने भारी भरकम सरकारी पैकेज की घोषणा की है। जी-20 के मुताबिक उनकी अर्थव्यवस्था को सहारा देने के लिए ये पैकेज कुल 5,000 अरब डॉलर का होगा।
अंकटाड ने कहा है कि इन राहत उपायों के बावजूद विश्व अर्थव्यवस्था इस साल मंदी के दौर में चली जाएगी और इससे अरबों-खरबों डॉलर के वैश्विक निवेश का नुकसान होगा, जो विकासशील देशों के लिए गंभीर मुसीबत बन जाएगा।
अमेरिकी विश्वविद्यालय ने स्वचालित और सस्ते वेंटिलेटर बनाए
दुनियाभर में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के कारण वेंटिलेटर की मांग में इजाफा के बीच टेक्सास के एक विश्वविद्यालय ने स्वचालित और हाथ में लेकर उपयोग किए जा सकने वाले, सस्ते श्वसन उपकरण बनाए हैं जिनका जल्द ही इस्तेमाल किया जाएगा।
जॉन हॉपकिन्स विश्वविद्यालय के आंकड़ों के मुताबिक दुनियाभर के 175 से अधिक देशों और क्षेत्रों में कोविड-19 से 7,82,365 लोग संक्रमित हुए हैं। अब तक इस संक्रमण के कारण 37,582 लोगों की मौत हो चुकी है।
पूरे अमेरिका के अस्पतालों में वेंटिलेटरों की कमी है। कुछ चिकित्सा उपकरण निर्माता आपूर्ति तेज करने को तैयार हुए हैं।
लंदन के लंकाशर क्लब के चेयरमैन डेविड हॉजकिस की कोरोना वायरस से मौत
लंदन के लंकाशर काउंटी क्रिकेट क्लब के चेयरमैन डेविड हॉजकिस की खतरनाक कारोना वायरस से संक्रमित होने के बाद मौत हो गई। वह 71 वर्ष के थे।
लंकाशर ने अपने अधिकारिक बयान में उनके निधन का कारण नहीं दिया है, लेकिन क्लब के प्रवक्ता ने ‘प्रेस एसोसिएशन’ को बताया कि उनकी मौत कोरोना वायरस से संबंधित थी।
क्लब ने बयान में कहा कि परिवार की घोषणा के बाद बड़े दुख के साथ बताना पड़ रहा है कि इसके चेयरमैन डेविड हॉजकिस का निधन हो गया है।
स्पेन में अंतिम संस्कार के लिए अब तीन ही लोग एकत्र हो पाएंगे
वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप के बीच स्पेन ने अंतिम संस्कार में अधिक लोगों के एकत्रित होने और घरों पर जाकर शोक व्यक्त करने पर रोक लगा दी है। वै
नए आदेशानुसार, अंतिम संस्कार के लिए अब तीन से अधिक लोग इकट्ठा नहीं हो पाएंगे।
लोगों को नियंत्रित रखने के लिए देशभर में 11 अप्रैल तक लॉकडाउन घोषित किया गया है।ॉ
स्पेन में कोरोना वायरस की चपेट में आने से अभी तक 7,340 लोगों की जान जा चुकी है।
चीन में 48 नए मामले सामने आए
कोरोना वायरस के संकट से उबर रहे चीन में 48 नए मामले सामने आए हैं।
स्वास्थ्य अधिकारियों ने मंगलवार को कहा कि चीन में कोरोनो वायरस के 48 नए मामले विदेशों से आए हैं।
इस वायरस से प्रभावित हुबेई प्रांत में एक और मरीज की मौत के साथ मृतकों की संख्या 3,305 तक पहुंच गई है।
चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग (एनएचसी) ने कहा कि चीनी भूभाग पर सोमवार को कोविड-19 का कोई ऐसा मामला सामने नहीं आया है जो घरेलू स्तर पर फैला हो।
अमेरिका में 3000 से अधिक मौतें
समाचार एजेंसी एएफपी के मुताबिक अमेरिका में मरने वालों की संख्या बढ़कर 3000 से अधिक हो गई।
इटली में बढ़ा लॉकडाउन
इटली में हालत को देखते हुए लॉकडाउन को आगे बढ़ा दिया गया है, एएफपी के मुताबिक यह कम से कम 12 अप्रैल तक रहेगा।
विश्व में 37000 से अधिक मौतें
दुनियाभर में 24 घंटे में 3500 से अधिक मौतों के साथ मृतकों की संख्या 37000 से अधिक हो गई है।
इटली में एक लाख से अधिक संक्रमित
अमेरिका के बाद अब इटली में भी संक्रमितों की संख्या एक लाख से अधिक हो चुकी है। यहां पर पिछले 24 घंटे में 812 मौतों के साथ मृतकों की कुल संख्या 11591 हो गई है।
फ्रांस में 3000 मौतें
फ्रांस में पिछले 24 घंटे में 418 लोगों की मौत के साथ ही मृतकों की संख्या बढ़कर 3024 हो गई है। फ्रांस में अब तक 44,550 मामले दर्ज किए गए हैं जिसमें 7927 लोग ठीक हुए हैं।