फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

US-India Trade Deal: ट्रंप नहीं चाहते भारत के साथ व्यापार समझौता?

अमर उजाला डिजिटल डॉट कॉम Updated Mon, 26 Jan 2026 07:04 PM IST

भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते को लेकर बातचीत जारी है, लेकिन इस बीच अमेरिकी राजनीति से एक बड़ा खुलासा सामने आया है। एक लीक ऑडियो रिकॉर्डिंग में रिपब्लिकन सांसद टेड क्रूज ने दावा किया है कि खुद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कभी-कभी भारत-अमेरिका व्यापार समझौते में सबसे बड़ी बाधा बन रहे हैं।

एक्सियोस की रिपोर्ट के मुताबिक, टेक्सास से रिपब्लिकन सीनेटर टेड क्रूज की करीब 10 मिनट की एक ऑडियो रिकॉर्डिंग सामने आई है, जिसमें उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और व्हाइट हाउस के वरिष्ठ सलाहकार पीटर नवारो की कड़ी आलोचना की है। इस लीक के बाद ट्रंप प्रशासन के भीतर मतभेद और अंदरूनी खींचतान खुलकर सामने आ गई है।

10 मिनट की लीक रिकॉर्डिंग से हड़कंप

रिपोर्ट के अनुसार यह ऑडियो रिकॉर्डिंग 2025 की शुरुआत और मध्य के बीच की बताई जा रही है। यह बातचीत क्रूज और कुछ निजी रिपब्लिकन दानदाताओं के बीच हुई थी। एक रिपब्लिकन सूत्र के जरिए यह ऑडियो सामने आई है।

रिकॉर्डिंग में टेड क्रूज खुद को एक पारंपरिक मुक्त व्यापार समर्थक और हस्तक्षेपवादी रिपब्लिकन नेता के तौर पर पेश करते हैं। वह साफ कहते सुने जा रहे हैं कि ट्रंप की टैरिफ नीति अमेरिका की अर्थव्यवस्था के लिए खतरनाक साबित हो सकती है और इससे राजनीतिक तबाही भी तय है।

भारत-अमेरिका डील में कौन बना रोड़ा?

टेड क्रूज ने ऑडियो में दावा किया कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को आगे बढ़ाने में उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, सलाहकार पीटर नवारो और खुद राष्ट्रपति ट्रंप अड़चन पैदा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि व्हाइट हाउस के भीतर व्यापार नीति को लेकर गंभीर मतभेद हैं।

क्रूज के मुताबिक, ट्रंप प्रशासन का एक धड़ा टैरिफ के जरिए दबाव बनाने की नीति पर अड़ा हुआ है, जबकि वे और कुछ अन्य रिपब्लिकन नेता इसे अमेरिका की अर्थव्यवस्था और वैश्विक छवि के लिए नुकसानदेह मानते हैं।

ट्रंप की टैरिफ नीति पर सीधा हमला

ऑडियो में टेड क्रूज ने राष्ट्रपति ट्रंप की टैरिफ नीति का मजाक उड़ाते हुए कहा कि इससे अमेरिकी अर्थव्यवस्था को भारी नुकसान हो सकता है। उन्होंने दानदाताओं को चेताया कि अगर यही नीति जारी रही तो यह राष्ट्रपति के लिए महाभियोग तक की नौबत ला सकती है।

क्रूज ने बताया कि अप्रैल 2025 की शुरुआत में जब ट्रंप ने नए टैरिफ लागू किए थे, तब उन्होंने और कुछ अन्य सीनेटरों ने राष्ट्रपति से फोन पर बात कर उनसे टैरिफ वापस लेने का आग्रह किया था।

आधी रात की फोन कॉल और अपशब्दों का आरोप

रिकॉर्डिंग में क्रूज दावा करते हैं कि ट्रंप के साथ उनकी बातचीत आधी रात के बाद तक चली, लेकिन माहौल बेहद खराब हो गया। क्रूज का आरोप है कि ट्रंप ने उन पर चिल्लाया और अपशब्द कहे।

क्रूज ने कहा, “ट्रंप का मूड बहुत खराब था। मैंने उनसे कई बार बात की है जब वे बहुत खुश थे, लेकिन यह उन बातचीतों में से नहीं थी।”

2026 चुनाव और अर्थव्यवस्था को लेकर चेतावनी

रिकॉर्डिंग में क्रूज ने ट्रंप को 2026 के चुनावों को लेकर भी चेताया। उन्होंने कहा कि अगर नवंबर 2026 तक लोगों के निवेश खातों में 30 प्रतिशत की गिरावट आती है और सुपरमार्केट में कीमतें 10 से 20 प्रतिशत तक बढ़ जाती हैं, तो रिपब्लिकन पार्टी को भारी चुनावी नुकसान झेलना पड़ेगा।

क्रूज ने ट्रंप से कथित तौर पर कहा, “आप सदन हार जाएंगे, आप सीनेट हार जाएंगे और अगले दो साल हर हफ्ते महाभियोग का सामना करते हुए बीतेंगे।”

क्रूज के मुताबिक, इस पर ट्रंप का जवाब बेहद आक्रामक था। उन्होंने दावा किया कि ट्रंप ने उनसे कहा, “भाड़ में जाओ, टेड।”

भारत-अमेरिका संबंधों पर असर?

इस लीक ऑडियो ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर अनिश्चितता बढ़ा दी है। जानकारों का मानना है कि अगर ट्रंप प्रशासन के भीतर टैरिफ और मुक्त व्यापार को लेकर मतभेद इसी तरह बने रहे, तो भारत के साथ प्रस्तावित डील पर इसका सीधा असर पड़ सकता है।

भारत के साथ व्यापार समझौता दोनों देशों के लिए रणनीतिक और आर्थिक रूप से अहम माना जा रहा है। ऐसे में व्हाइट हाउस के भीतर की यह दरार आने वाले दिनों में द्विपक्षीय रिश्तों की दिशा तय कर सकती है।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें